1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. SMAT: 34 साल के भारतीय खिलाड़ी ने रचा नया कीर्तिमान, सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने

SMAT: 34 साल के भारतीय खिलाड़ी ने रचा नया कीर्तिमान, सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Dec 01, 2025 09:15 am IST,  Updated : Dec 01, 2025 09:33 am IST

SMAT 2025: भारत के अनुभवी गेंदबाज जयदेव उनादकट ने सौराष्ट्र और दिल्ली के बीच खेले गए मुकाबले में एक विकेट चटकाया और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया। उनादकट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए।

Jaydev Unadakat- India TV Hindi
जयदेव उनादकट Image Source : PTI

Jaydev Unadkat Most Wickets in SMAT: भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने 30 नवंबर को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में एक शानदार उपलब्धि हासिल की। अहमदाबाद में दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने एक विकेट अपने नाम किया और इसी के साथ वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड सिद्धार्थ कौल के नाम था, जिन्होंने SMAT में 120 विकेट चटकाने का कारनामा किया। एक समय उनादकट और कौल बराबरी पर थे, लेकिन दिल्ली के कप्तान नितीश राणा (76 रन) का विकेट लेकर 34 साल के भारतीय गेंदबाज ने 121वें विकेट की उपलब्धि हासिल कर ये रिकॉर्ड अपने नाम किया। नितीश राणा उनका T20 क्रिकेट में 250वां शिकार बने।

दिलचस्प बात यह है कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की टॉप-5 लिस्ट में उनादकट के अलावा चामा मिलिंद ही एकमात्र सक्रिय भारतीय गेंदबाज हैं। उनादकट ने अपना T20 डेब्यू IPL 2010 में किया था और अब तक वह 209 T20 मैचों में 250 विकेट चटका चुके हैं। 

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज

  • जयदेव उनादकट (सौराष्ट्र) - 121
  • सिद्धार्थ कौल (पंजाब)- 120
  • पीयूष चावला (गुजरात/UP)- 113
  • लुकमान मेरीवाला (बड़ौदा) - 108
  • चामा मिलिंद (हैदराबाद) - 107

उनादकट vs कौल 

जयदेव उनादकट ने जहां 83 मैचों में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 6.79 की इकोनॉमी से 121 विकेट लेने का कारनामा किया। इस दौरान उनका औसत 17.81 का रहा। वहीं, सिद्धार्थ कौल ने 87 मैचों में 7.02 की इकॉनीम और 18.25 औसत से 120 विकेट झटके थे।

सौराष्ट्र को मिली हार

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के एलीट ग्रुप-डी के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 207/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया। यश ढुल ने 30 गेंदों में 47 रन बनाए जबकि नितीश राणा ने 41 गेंदों पर 76 रनों की शानदार पारी खेली। आयुष बदोनी ने 25 गेंदों में 33 रन जबकि अनुज रावत ने 8 गेंदों में 17 रन का योगदान दिया। हिम्‍मत सिंह ने भी 6 गेंदों में ताबड़तोड़ अंदाज में 18 रन जड़े। 

जवाब में सौराष्ट्र ने अच्छी शुरुआत की। विश्वराज जडेजा और हर्विक देसाई ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। लेकिन फिर टीम लड़खड़ा गई। 117 रन के स्कोर पर टीम के 4 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे।इसके बाद पार्स्वराज राणा और रुचित अहीर ने 39 रन की साझेदारी की और फिर अहीर ने लक्कीराज वाघेला के साथ मिलकर 41 रन जोड़े, लेकिन टीम फिर भी लक्ष्य से 10 रन दूर रह गई। सौराष्ट्र की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 197 रन बना सकी।  दिल्ली के सुयश शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट झटके और मैच के हीरो बने। दिग्वेश राठी को एक सफलता मिली।

यह भी पढ़ें:

ऑक्शन में जमकर लगी बोली, मोहम्मद नईम बने सबसे महंगे खिलाड़ी, पीयूष चावला रहे अनसोल्ड

साउथ अफ्रीका ने हारकर भी किया करिश्मा, ODI क्रिकेट में ऐसा करने वाली बनी पहली टीम

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल