भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला लॉर्ड्स में खेला गया, जिसे मेजबान इंग्लैंड ने 22 रनों से अपने नाम किया। इस मैच को देखने के लिए टीम इंडिया और RCB के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा भी लॉर्ड्स स्टेडियम पहुंचे थे। लेकिन वहां उनके साथ कुछ ऐसा हुआ, जिसकी उम्मीद उन्होंने नहीं की थी। स्टेडियम के बाहर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया।
जितेश शर्मा को लॉर्ड्स स्टेडियम में जाने से रोका गया
क्रिकेट से ब्रेक मिलने के बाद जितेश शर्मा इन दिनों विदेश यात्रा कर रहे हैं। इसी कड़ी में वह हाल ही में लंदन पहुंचे थे। जितेश शर्मा जब लॉर्ड्स के बाहर पहुंचे तो उन्हें सिक्योरिटी गार्ड्स ने स्टेडियम के अंदर जाने से रोक दिया। जितेश शर्मा ने इस दौरान वहां मौजूद अधिकारियों को बताया कि वह भारतीय क्रिकेटर हैं और टीम इंडिया के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को बताने की काफी कोशिश की लेकिन उन्होंने उनकी एक न सुनी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
दिनेश कार्तिक की वजह से लॉर्ड्स में जितेश को मिली एंट्री
इस सब के बीच दिनेश कार्तिक जो इस टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड में कमेंट्री कर रहे हैं, वह फोन पर किसी से बात करने के लिए से स्टेडियम से बाहर आए। जितेश ने इस दौरान कार्तिक को बुलाने की कोशिश की। आस पास ज्यादा भीड़ होने की वजह से कार्तिक का ध्यान उनकी तरफ नहीं गया। इसके बाद जितेश ने कार्तिक को फोन करके स्टेडियम के बाहर बुलाया। इतनी मशक्कत करने के बाद जितेश को लॉर्ड्स के अंदर एंट्री मिल पाई।
IPL 2025 में जितेश शर्मा का प्रदर्शन रहा था शानदार
आपको बता दें कि जितेश आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने इस सीजन RCB को अपना पहला IPL खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। फाइनल में RCB ने पंजाब किंग्स (PBKS) को हराया था। इस सीजन जितेश ने 15 मैचों में 261 रन बनाए और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 176.35 का रहा था। 2023 में भारत के लिए डेब्यू करने के बाद से जितेश ने अब तक 9 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, वहां उन्होंने 100 रन बनाए हैं। उन्होंने अभी तक भारत के लिए वनडे और टेस्ट में डेब्यू नहीं किया है। इसी बीच जितेश शर्मा को लेकर एक खबर ये भी आई है कि उन्होंने घरेलू क्रिकेट में विदर्भ की टीम का साथ छोड़ दिया है। वह अब डोमेस्टिक क्रिकेट में बड़ौदा के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।
यह भी पढ़ें
RCB को चैंपियन बनाने वाले खिलाड़ी ने अचानक बदली टीम, इस वजह से लिया ये बड़ा फैसला