Joe Root Record: भारत और इंग्लैंड के बीच जारी टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट के पास शानदार उपलब्धि को हासिल करने का मौका होगा। रूट इस मैदान पर 1000 टेस्ट रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन सकते हैं। इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने के लिए जो रूट को इस मैच में सिर्फ 22 रन बनाने होंगे।
मैनचेस्टर में जो रूट के आंकड़े हैं शानदार
मैनचेस्टर के मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 प्लेयर्स की बात करें तो वहां जो रूट का नाम टॉप पर है। इस मैदान पर उन्होंने अब तक 11 मैचों की 19 पारियों में 65.20 के औसत से 978 रन बनाए हैं। इस वेन्यू पर वह एक शतक और 7 अर्धशतक लगा चुके हैं। उनके बाद दूसरे नंबर पर डेनिस कॉम्प्टन का नाम है। उन्होंने इस मैदान पर 8 मैचों में 81.80 के औसत से 818 रन बनाए हैं।
लिस्ट में तीसरे नंबर पर माइकल एथर्टन का नाम है। एथर्टन ने मैनचेस्टर में 10 मैचों में 40.50 के औसत से 729 रन बनाए हैं। उनके बाद लिस्ट में एलेक स्टीवर्ट का नाम है। स्टीवर्ट के बल्ले से इस मैदान पर 9 मैचों की 14 पारियों में 58.66 के औसत से 704 रन आए हैं। पांचवें नंबर पर इंग्लैंड के लियोनार्ड हटन का नाम है। उन्होंने इस वेन्यू पर 9 मैचों में 50.07 के औसत से 701 रन बनाए हैं। जो रूट इन दिनों जिस तरह के फॉर्म में हैं, उसको देखकर ऐसा लग रहा है कि वह इस मैच में आसानी से 22 रन बनाकर इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लेंगे।
मैनचेस्टर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
- 978 रन- जो रूट (इंग्लैंड)
- 818 रन - डेनिस कॉम्प्टन (इंग्लैंड)
- 729 रन - माइकल एथर्टन (इंग्लैंड)
- 704 रन - एलेक स्टीवर्ट (इंग्लैंड)
- 701 रन - लियोनार्ड हटन (इंग्लैंड)
मैनचेस्टर में दोहरा शतक लगा चुके हैं जो रूट
इस मैदान पर जो रूट ने अपना आखिरी मैच साल 2024 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। वहां उन्होंने पहली पारी में 42 और दूसरी पारी में नाबाद 62 रन बनाए थे। इस मैदान पर जो रूट के नाम एक दोहरा शतक दर्ज है। उन्होंने 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में 254 रनों की पारी खेली थी। अपनी इस पारी में रूट ने 27 चौके लगाए थे। उसी मैच की दूसरी पारी में उन्होंने नाबाद 71 रन बनाए थे।
यह भी पढ़ें
IND vs ENG: एक मैच खेलकर हो गया बाहर, अब ये खिलाड़ी कर रहा अपनी बारी का इंतजार
ऋषभ पंत इंग्लैंड में रचने जा रहे हैं इतिहास, ऐसा करने वाले बनेंगे पहले खिलाड़ी