जो रूट बहुत ही शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और भारत के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में वह खूब रन भी बना रहे हैं। अब वह सचिन तेंदुलकर के बाद टेस्ट क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर बन गए हैं। उनके पास तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ने का मौका है। अब उनके रिकॉर्ड को लेकर रूट ने बड़ी बात कही है।
रूट ने तेंदुलकर को बताया महान खिलाड़ी
जो रूट ने युवा खिलाड़ी के तौर पर सचिन तेंदुलकर की विरासत से प्रेरित होने के सफर पर बात करते हुए ‘सोनी लिव’ पर हर्षा भोगले से कहा कि वह खेल के महानतम खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने जो भी दबाव झेला और जो कुछ भी हासिल किया, वह अविश्वसनीय था। रूट ने डेब्यू भारत के खिलाफ ही साल 2012 में किया था। उस टेस्ट में सचिन भी खेले थे।
उस पल को याद करते हुए रूट ने कहा कि आपके सामने कोई ऐसा खिलाड़ी था जिसे आपने बचपन में खेलते देखा था और आप उनकी तरह खेलना चाहते थे और फिर आपको उसके खिलाफ खेलने का मौका भी मिल गया। मेरा मतलब है कि उन्होंने मेरे जन्म से पहले ही टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू कर लिया था और फिर आप खुद को उनके खिलाफ टेस्ट मैच में खेलते हुए पाते हैं। तो यह अद्भुत था।
तेंदुलकर के रिकॉर्ड तोड़ने पर कही ये बात
जो रूट ने कहा कि भारत जाना एक अविश्वसनीय अनुभव था। सचिन के बल्लेबाजी करने के लिए आते ही पूरी भीड़ तालियां बजाने लगती। यह देखना अजीब था, लेकिन यह उस खिलाड़ी की महानता को दर्शाता है। तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ने के बारे में पूछे जाने पर रूट ने कहा कि यह ऐसा कुछ नहीं है जिस पर मैं ध्यान लगाऊंगा। इस तरह की चीजें खेलते हुए अपने आप हो जानी चाहिए।
तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से इतना दूर हैं जो रूट
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 15921 रन बनाए हैं। वहीं जो रूट दूसरे नंबर पर हैं। उनके नाम पर 13409 रन दर्ज हैं। रूट दिग्गज बल्लेबाज तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से सिर्फ 2512 रन दूर हैं।
(Input: PTI)
यह भी पढ़ें:
केएल राहुल ने रोहित शर्मा को छोड़ा पीछे, इंग्लैंड में कर दिया कमाल
Asia Cup 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच हो सकते हैं 3 मुकाबले, शेड्यूल के ऐलान के बाद जानें समीकरण