वैसे तो क्रिकेट में एक ओवर 6 बॉल का होता है लेकिन कई बार वाइड और नो बॉल के चलते गेंदबाज को 6 से ज्यादा गेंद फेंकने के लिए मजबूर होना पड़ता है। हालांकि, कई बार ओवर इतना लंबा हो जाता है कि गेंदबाज गेंद करते-करते थक जाता है लेकिन ओवर खत्म होने का नाम नहीं लेता है। ऐसा ही कुछ देखने को मिला वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 के एक मुकाबले में, जब एक गेंदबाज ने इतनी ज्यादा वाइड गेंद डाली की एक ओवर पूरा करने के लिए 18 गेंद डालनी पड़ी। इस शर्मनाक ओवर का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 में 14वां मुकाबला 29 जुलाई को ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच खेला गया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को 10 विकेट से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। इस दौरान ऑस्ट्रेलियन टीम की ओर से एक ऐसा शर्मनाक ओवर देखने को मिला, जिसमें 18 गेंदें फेंकी गई।
ऑस्ट्रेलियन चैंपियंस को मिली शर्मनाक हार
पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियन चैंपियंस की टीम 20 ओवर भी पूरे नहीं खेल पाई और महज 11.5 ओवर में 74 रन पर ढेर हो गई। पाकिस्तान के लिए सईद अजमल ने सबसे ज्यादा 6 शिकार किए। 2 विकेट इमाद वसीम ने झटके। ऑस्ट्रेलिया ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी निराश किया। टीम के गेंदबाज जॉन हेस्टिंग्स को अपना ओवर पूरा करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
दरअसल, पाकिस्तान की पारी के 8वें ओवर में गेंदबाजी करने आए जॉन हेस्टिंग्स को अपना ओवर पूरा करने के लिए 18 गेंदें डालनी पड़ गई। इन 18 गेंदों में 12 गेंदें वाइड रही और एक नो बॉल। इस ओवर से कुल मिलाकर 20 रन आए, जिसमें 12 वाइड के अलावा एक नो बॉल, 2 सिंगल, एक बाई और एक चौका शामिल रहा। इस तरह पाकिस्तान चैंपियंस ने ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को महज 8 ओवर में 10 विकेट से धूल चटाते हुए पॉइंट्स टेबल में टॉप पर फिनिश किया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
जॉन हेस्टिंग्स का 18 गेंद का एक ओवर अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। क्रिकेट फैंस ऑस्ट्रेलियन गेंदबाज का जमकर मजाक उड़ा रहे हैं। बता दें, जॉन हेस्टिंग्स ऑस्ट्रेलिया के लिए 1 टेस्ट, 29 वनडे और 9 T20I मैच खेल चुके हैं। 2010 में उनका इंटरनेशनल डेब्यू हुआ था और 2017 में अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला। उन्होंने तीनों फॉर्मेट में कुल मिलाकर 50 विकेट चटकाने का काम किया।
यह भी पढ़ें:
T20I और ODI सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियन टीम का ऐलान, पैट कमिंस की जगह ये धाकड़ खिलाड़ी बना कप्तान
NZ vs ZIM: कितने बजे शुरू होंगे टेस्ट मैच? भारत में ऐसे देख पाएंगे LIVE