Sunday, February 15, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जोस बटलर ने विराट कोहली को छोड़ा पीछे, T20I में रोहित शर्मा की इस मामले की बराबरी

जोस बटलर ने विराट कोहली को छोड़ा पीछे, T20I में रोहित शर्मा की इस मामले की बराबरी

Written By: Abhishek Pandey @anupandey29 Published : Jun 07, 2025 08:03 pm IST, Updated : Jun 07, 2025 08:03 pm IST

ENG vs WI: इंग्लैंड की टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले को 21 रनों से अपने नाम करने के साथ सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इस मैच में जोस बटलर के बल्ले से 96 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली।

Jos Buttler- India TV Hindi
Image Source : GETTY जोस बटलर

इंग्लैंड की टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 6 जून को चेस्टर ली स्ट्रीट में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले को 21 रनों से अपने नाम किया। इस मैच में इंग्लैंड की टीम को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला और उन्होंने जोस बटलर की 96 रनों की शानदार पारी के दम पर 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 188 रनों का स्कोर बना दिया। वहीं इसके बाद विंडीज टीम टारगेट का पीछा करते हुए 20 ओवर्स में 167 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी।

बटलर ने इस मामले में छोड़ा विराट कोहली को पीछे

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में टॉस जीतने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने अपना पहला विकेट 16 के स्कोर पर गंवा दिया था। इसके बाद नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे जोस बटलर ने जेमी स्मिथ के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 79 रनों की शानदार साझेदारी की। बटलर ने अपनी 96 रनों की पारी के दौरान कुल 59 गेंदों का सामना किया जिसमें उन्होंने 6 चौके और चार छक्के लगाए। इसी के साथ टी20 इंटरनेशनल में जोस बटलर वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में अब विराट कोहली से आगे निकल गए हैं।

विराट कोहली के अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में वेस्टइंडीज के खिलाफ कुल 570 रन बनाए हैं तो वहीं अब जोस बटलर के नाम कुल 611 रन दर्ज हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर रोहित शर्मा काबिज हैं जिन्होंने विंडीज टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में 693 रन बनाए हैं। ऐसे में सीरीज के बाकी बचे 2 और मुकाबलों में बटलर के पास पहले नंबर पर काबिज होने का भी शानदार मौका रहेगा।

रोहित शर्मा के इस रिकॉर्ड की बटलर ने की बराबरी

जोस बटलर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में अब सबसे ज्यादा अर्धशतकीय पारी खेलने के मामले में रोहित शर्मा और बाबर आजम की बराबरी कर ली है। रोहित और बाबर दोनों के नाम वेस्टइंडीज के खिलाफ 5-5 अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज हैं, जिसमें अब बटलर भी शामिल हो गए हैं। वहीं इस लिस्ट में पहले नंबर पर ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व खिलाड़ी डेविड वॉर्नर काबिज हैं जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ कुल 7 अर्धशतकीय पारियां खेली हैं।

ये भी पढ़ें

विराट कोहली के इस बयान पर आंद्रे रसेल ने किया पलटवार, कहा - आपको मिलती है अच्छी सैलरी

सूर्यकुमार यादव पर भारी पड़ी श्रेयस अय्यर की टीम, इस खिलाड़ी को मिला प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड

Latest Cricket News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement