1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. केन विलियमसन करेंगे बड़ा कारनामा, जो आजतक कोई कीवी बल्लेबाज नहीं कर सका

केन विलियमसन करेंगे बड़ा कारनामा, जो आजतक कोई कीवी बल्लेबाज नहीं कर सका

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Mar 05, 2025 12:45 pm IST,  Updated : Mar 05, 2025 12:48 pm IST

साउथ अफ्रीका के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल मैच में न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन के निशाने पर बहुत बड़ा रिकॉर्ड होगा।

Kane Williamson- India TV Hindi
केन विलियमसन Image Source : GETTY

Kane Williamson Records: ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दूसरे सेमीफाइनल का मंच सज चुका है। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम फाइनल का टिकट हासिल करने के लिए साउथ अफ्रीका की चुनौती का सामना करेगी। इस मैच में एक बार फिर केन विलियमसन पर निगाहें होगी, जिन्होंने पिछले मैच में भारत के खिलाफ शानदार पारी खेली थी लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके थे।

केन विलियमसन की गिनती दुनिया के धाकड़ बल्लेबाजों में होती है। हालांकि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में वह अपनी काबिलियत के हिसाब से प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। टूर्नामेंट के 3 मैचों में उन्होंने सिर्फ 87 रन बनाए हैं। इसमें सिर्फ एक अर्धशतक शामिल है, जो ग्रुप स्टेज मैच में 2 मार्च को भारत के खिलाफ आया था। उस मैच में केन ने 81 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी। अब एक बार फिर उनके बल्ले से फैंस और उनकी टीम को बड़ी पारी की उम्मीद होगी। इस दौरान उनके निशाने पर एक बड़ा रिकॉर्ड भी होगा।

न्यूजीलैंड के लिए रचेंगे नया इतिहास

दरअसल, केन विलियमसन अगर साउथ अफ्रीका के खिलाफ 27 रन बनाने में सफल रहते हैं, तो वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 19000 रन पूरे कर लेंगे। वह ऐसा करने वाले न्यूजीलैंड के पहले बल्लेबाज बनेंगे। अब तक कोई भी कीवी बल्लेबाज 19000 रन का आंकड़ा नहीं छू सका है। वहीं, 19 हजार रन पूरे करने वाले वह दुनिया के 16वें बल्लेबाज बनेंगे। इस दौरान वह डेविड वॉर्नर को सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने के मामलें में पीछे छोड़ देंगे। 

टेस्ट में 10 हजार रन के आंकड़े के करीब 

केन ने 369 मैचों की 439 पारियों में 48.52 के औसत से 18973 रन बनाए हैं। इसमें 47 शतक और 102 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने टेस्ट में 9276 और वनडे में 7122 रन बनाए हैं। वहीं, T20I में 2575 रन अपने नाम किए हैं। वनडे में केन चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कीवी बल्लेबाज हैं। वहीं, टेस्ट में वह न्यूजीलैंड की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके पास टेस्ट में 10 हजार रन पूरे करने का शानदार मौका है। इस साल या अगले साल वह इस खास रिकॉर्ड को अपने नाम कर सकते हैं। 

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए न्यूजीलैंड का स्क्वॉड: विल यंग, ​​डेवोन कॉनवे, केन विलियमसन, डेरिल मिचेल, टॉम लैथम (विकेट कीपर), ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, विलियम ओ'रूर्के, जैकब डफी, काइल जैमीसन, मार्क चैपमैन, रचिन रवींद्र।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल