1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 क्रिकेट में बना नया वर्ल्ड रिकॉर्ड, क्रिस गेल की 12 साल पुरानी बादशाह खत्म, कायरन पोलार्ड बने नंबर-1

T20 क्रिकेट में बना नया वर्ल्ड रिकॉर्ड, क्रिस गेल की 12 साल पुरानी बादशाह खत्म, कायरन पोलार्ड बने नंबर-1

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 21, 2026 01:46 pm IST,  Updated : Jun 21, 2026 01:46 pm IST

वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड ने T20 क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है। मेजर लीग क्रिकेट 2026 में MI न्यूयॉर्क के लिए खेलते हुए क्रिस गेल का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।

Kieron Pollard- India TV Hindi
कायरन पोलार्ड Image Source : AFP

T20 क्रिकेट में बहुत बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त हो गया है। करीब 12 साल तक इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का ताज अपने पास रखने वाले क्रिस गेल आखिरकार टॉप पॉजिशन से दूसरे पायदान पर खिसक गए हैं। उनकी जगह अब वेस्टइंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर ने ले ली है। ये धाकड़ खिलाड़ी और कोई नहीं 39 साल के पोलार्ड हैं, जिन्होंने T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

अमेरिका में खेली जा रही मेजर लीग क्रिकेट यानी MLS 2026 के दौरान MI न्यूयॉर्क के लिए खेलते हुए पोलार्ड ने तूफानी शतकीय पारी खेलते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। डलास में खेले गए मुकाबले में उन्होंने 56 गेंदों पर 100 रनों की पारी खेली और क्रिस गेल के 14562 रन के वर्ल्ड रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए T20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया।

12 साल तक कायम रही गेल की बादशाहत

क्रिस गेल लंबे समय तक T20 क्रिकेट के सबसे बड़े बल्लेबाज माने जाते रहे। उन्होंने 2014 T20 वर्ल्ड कप के बाद से लगातार शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाए रखा था। उनकी यह बादशाहत एक दशक से भी ज्यादा समय तक कायम रही। गेल के नाम T20 क्रिकेट में 14562 रन दर्ज हैं, जबकि पोलार्ड अब 14582 रन के साथ उनसे आगे निकल चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ पोलार्ड ने T20 इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा लिया है।

कायरन पोलार्ड का नाम सिर्फ बड़े हिटर के तौर पर नहीं लिया जाता। वह T20 क्रिकेट के सबसे सफल ऑलराउंडरों में भी शुमार हैं। 736 T20 मैच खेलने वाले पोलार्ड इस फॉर्मेट के सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। दिलचस्प बात यह है कि अभी तक कोई दूसरा खिलाड़ी 600 मैचों का आंकड़ा भी नहीं छू सका है। पोलार्ड के नाम T20 क्रिकेट में 14 हजार से ज्यादा रन और 333 विकेट दर्ज हैं। वह इस फॉर्मेट में 10000 से अधिक रन और 300 से ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के इकलौते खिलाड़ी हैं।

पोलार्ड T20 के नए किंग

पोलार्ड ने अपने करियर में 405 कैच भी लपके हैं, जो T20 क्रिकेट में किसी भी खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा हैं। वहीं, उनके नाम 986 छक्के दर्ज हैं। इस मामले में वह सिर्फ क्रिस गेल से पीछे हैं। गेल के खाते में 1056 छक्के दर्ज हैं। इसके अलावा पोलार्ड 18 T20 फाइनल जीतने वाली टीमों का हिस्सा रह चुके हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। पोलार्ड T20 विश्व कप, IPL, कैरेबियन प्रीमियर लीग, बांग्लादेश प्रीमियर लीग, ILT20 और मेजर लीग क्रिकेट जैसे बड़े टूर्नामेंटों में खिताब जीत चुके हैं।

यह भी पढ़ें:

श्रीलंकाई खिलाड़ियों के तानों का वैभव सूर्यवंशी ने दिया मुंहतोड़ जवाब, फाइनल में गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां

IND vs AFG: रोहित शर्मा ने हासिल की नंबर-1 की कुर्सी, राहुल द्रविड़ को भी छोड़ दिया पीछे

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल