अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज को टीम इंडिया 3-0 से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस वनडे सीरीज में किसी एक खिलाड़ी को लेकर सभी की नजरें सबसे ज्यादा टिकी हुई थी तो वह पूर्व कप्तान रोहित शर्मा थे जिनका बल्ला पहले 2 मुकाबलों में उम्मीद के अनुसार नहीं चल सका। वहीं रोहित ने तीसरे वनडे मैच में अपने बल्ले का कमाल दिखाया जिसमें उन्होंने 69 गेंदों में 79 रनों की बेहतरीन पारी खेली और टीम इंडिया को 9 विकेट से एकतरफा जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की। वहीं रोहित ने अपनी इस पारी के दम पर इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ने के बाद भारतीय के रूप में नंबर-1 की कुर्सी हासिल कर ली है।
ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 खिलाड़ियों में शामिल हुए रोहित
रोहित शर्मा को लेकर अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज का आगाज होने से पहले उनकी फिटनेस को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा देखने को मिली रही थी, जिसके बाद रोहित ने इस सीरीज के आखिरी मुकाबले में अपने बल्ले का कमाल दिखाने के साथ सभी आलोचकों को चुप जरूर करा दिया है। रोहित शर्मा अब इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 खिलाड़ियों में भी शामिल हो गए हैं। रोहित ने 361 इंटरनेशनल मैचों में पारी की शुरुआत करते हुए 45.32 के औसत से कुल 16137 रन अब तक बनाए हैं, जिसमें इस दौरान उनके बल्ले से 45 शतकीय और 84 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
- सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) - 19298 रन
- क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) - 18867 रन
- डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया) - 18744 रन
- ग्रीम स्मिथ (साउथ अफ्रीका) - 16950 रन
- रोहित शर्मा (भारत) - 16137 रन
वनडे में राहुल द्रविड़ को सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस पारियों में रोहित ने छोड़ा पीछे
चेन्नई के मैदान पर खेले गए तीसरे वनडे मैच में रोहित शर्मा ने जैसे ही अपनी फिफ्टी को पूरा किया उसी के साथ वह भारत की तरफ से इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस रनों की पारियां खेलने के मामले में राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ने में कामयाब हो गए। रोहित शर्मा अब तक वनडे में 95 फिफ्टी प्लस पारियां खेल चुके हैं तो वहीं इस लिस्ट में पहले नंबर सचिन तेंदुलकर काबिज हैं जिनके नाम पर 145 फिफ्टी प्लस रनों की पारियां दर्ज हैं।
भारत के लिए वनडे में सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस रनों की पारियां खेलने वाले खिलाड़ी
- सचिन तेंदुलकर - 145 फिफ्टी प्लस पारियां
- विराट कोहली - 131 फिफ्टी प्लस पारियां
- रोहित शर्मा - 95 फिफ्टी प्लस पारियां
- राहुल द्रविड़ - 94 फिफ्टी प्लस पारियां
- सौरव गांगुली - 93 फिफ्टी प्लस पारियां
ये भी पढ़ें
IND vs AFG: टीम इंडिया ने वनडे में तोड़ा अपना 22 साल पुराना रिकॉर्ड, पहले ओवर में बना दिए 23 रन
IND vs AFG: 5 विकेट हॉल लेकर प्रसिद्ध कृष्णा ने रचा इतिहास, चेन्नई के मैदान पर गेंद से बरपाया कहर