1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. श्रीलंकाई खिलाड़ियों के तानों का वैभव सूर्यवंशी ने दिया मुंहतोड़ जवाब, फाइनल में गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां

श्रीलंकाई खिलाड़ियों के तानों का वैभव सूर्यवंशी ने दिया मुंहतोड़ जवाब, फाइनल में गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 21, 2026 01:01 pm IST,  Updated : Jun 21, 2026 01:42 pm IST

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका ए के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक जड़ दिया। पिछले मैच में सुपर ओवर में हार के बाद वैभव की श्रीलंकाई खिलाड़ियों से तीखी बहस हुई थी। ऐसे में फाइनल में उतरते ही उन्होंने लंका के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।

vaibhav sooryavanshi- India TV Hindi
वैभव सूर्यवंशी Image Source : SLC

Vaibhav Sooryavanshi: कुछ जवाब शब्दों से नहीं, बल्कि प्रदर्शन से दिए जाते हैं। इंडिया ए के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भी लंका धरती पर यही किया। पिछले मैच में श्रीलंका ए के खिलाड़ियों के तानों और मैदान पर हुई तीखी नोकझोंक के बाद 15 साल के बल्लेबाज ने फाइनल में ऐसी विस्फोट बल्लेबाजी की, जिससे 20 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड ही ध्वस्त हो गया। ट्राई सीरीज के फाइनल में श्रीलंका ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन यह फैसला जल्द ही उनके लिए भारी पड़ गया। वैभव सूर्यवंशी पहले ही ओवर से आक्रामक अंदाज में नजर आए। उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर ऐसा हमला बोला कि मैच का रंग कुछ ही मिनटों में बदल गया।

तानों का जवाब चौकों-छक्कों से

पिछले मुकाबले में इंडिया ए को सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा था। उस मैच के दौरान वैभव की बल्लेबाजी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही थी, जिसके बाद कुछ श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने उन्हें ताने कसे। मामला इतना बढ़ गया कि मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच बहस भी देखने को मिली। हालात यहां तक खराब हो गए कि वैभव और श्रीलंकाई प्लेयर के बीच धक्का-मुक्की तक हो गई। तब वैभव अपना गुस्सा दबा गए, लेकिन फाइनल में उतरते ही बल्ले से हमला बोल दिया। इस तरह वैभव ने आलोचकों और विरोधियों को करारा जवाब दे दिया। उन्होंने यह जवाब जुबान से नहीं, बल्कि बल्ले से दिया। तेज गेंदबाज हों या स्पिनर, वैभव ने किसी को नहीं बख्शा और हर गेंदबाज को निशाने पर लिया।

11 गेंदों में जड़ा अर्धशतक

बिहार के इस युवा बल्लेबाज ने महज 11 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिस्ट-ए क्रिकेट का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने लगातार चौकों और छक्कों की बरसात करते हुए सालों पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। वैभव यहीं नहीं रुके। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। हालांकि, वह शतक से सिर्फ 6 रन दूर रह गए, लेकिन उनकी पारी ने फाइनल मैच का रुख पूरी तरह से बदल दिया। वैभव पिछले चार मुकाबलों में बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। ऐसे में उनके प्रदर्शन को लेकर सवाल उठने लगे थे कि क्या वह इंटरनेशनल लेवल की चुनौतियों के लिए तैयार हैं। लेकिन फाइनल में खेली गई उनकी विस्फोटक पारी ने सभी शंकाओं को खत्म कर दिया।

अब इंटरनेशनल क्रिकेट की बारी

ट्राई सीरीज के बाद वैभव सूर्यवंशी इंडिया ए के कप्तान तिलक वर्मा के साथ आयरलैंड दौरे पर जाएंगे, जहां वह पहली बार भारतीय टीम की जर्सी में T20I क्रिकेट खेलते नजर आ सकते हैं। इसके बाद टीम इंग्लैंड दौरे पर भी जाएगी। ऐसे में सभी की नजरें एक बार फिर 15 साल के स्टार बल्लेबाज पर टिकी होंगी।

यह भी पढ़ें

IND vs AFG: रोहित शर्मा ने हासिल की नंबर-1 की कुर्सी, राहुल द्रविड़ को भी छोड़ दिया पीछे

वैभव सूर्यवंशी ने 11 गेंद में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, ठोका सबसे तेज अर्धशतक, 20 साल पुराना कीर्तिमान ध्वस्त

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल