1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. KKR vs PBKS मैच रद फिर भी खुली कोलकाता की पोल, कप्तान अजिंक्य रहाणे ने किया ब्लंडर!

KKR vs PBKS मैच रद फिर भी खुली कोलकाता की पोल, कप्तान अजिंक्य रहाणे ने किया ब्लंडर!

 Published : Apr 07, 2026 07:37 am IST,  Updated : Apr 07, 2026 07:37 am IST

केकेआर की टीम आईपीएल के इस सीजन में एक और हार से बाल बाल बच गई। बारिश के कारण मैच रद हो गया, लेकिन कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे की गलतियां इससे पहले ही खुलकर सामने आ गईं।

Ajinkya Rahane- India TV Hindi
अजिंक्य रहाणे Image Source : PTI

केकेआर यानी कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम का आईपीएल 2026 में खाता भले ही खुल गया हो, लेकिन ये जीत के बाद नहीं है। वो तो भला हो बारिश का, जिससे केकेआर बनाम पंजाब किंग्स मैच नहीं हो पाया और दोनों टीमों को एक एक अंक दे दिया गया। अगर मैच होता तो इस बात की पूरी संभावना थी कि यहां भी केकेआर को मुंह की खानी पड़ती। इस बीच कोलकाता के कप्तान अजिंक्य रहाणे की पोल खुल गई है। सवाल ये है कि क्या उन्होंने ब्लंडर कर दिया था, जो बाद में टीम की हार का प्रमुख कारण बनता। 

बारिश की आशंका के बीच भी केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने चुन ली पहले ​बैटिंग

कोलकाता में सोमवार को बारिश का माहौल था। टॉस समय पर हुआ और मैच का भी वक्त पर ही आगाज हो गया, लेकिन अभी चौथा ओवर ही चल रहा था कि तभी बारिश आ गई। इस बीच बारिश की आशंका पहले से ही जताई जा रही थी। लेकिन जब टॉस हुआ और केकेआर के कप्तान अ​जिंक्य रहाणे ने इसे जीता तो पहले बैटिंग क्यों चुन ली, ये अपने आप में बड़ा सवाल है। अक्सर जब बारिश का मौसम होता है तो टॉस जीतने वाली टीम पहले बॉलिंग लेती है और बाद में बल्लेबाजी पसंद करती है। 

बारिश में बाद में बैटिंग करने वाली टीम को होता है फायदा

इसके पीछे पहली वजह तो ये होती है कि पिच पर जो नमी होती है, उसका फायदा बॉलर उठाते हैं और जब टारगेट सामने होता है तो बल्लेबाजी बाद में करना आसान होता है। कई बार मैच की स्थितियों के हिसाब से टारगेट बदलते रहते हैं, इससे बल्लेबाजी टीम को फायदा मिलता है, उसे पता रहता है कि इस वक्त कैसी बल्लेबाजी करनी है, लेकिन यहां तो कुछ अलग ही नजारा दिखाई दिया। 

बारिश के वक्त तक केकेआर के गिर चुके थे दो विकेट

जब कोलकाता की टीम बल्लेबाजी कर रही थी और चौथे ओवर में मैच को रोका गया, तब केकेआर की टीम दो विकेट पर केवल 25 ही बना सकी थी। अगर मैच आगे चलता तो केकेआर की टीम और भी संकट में फंसी हुई दिखाई दे सकती थी। सलामी बल्लेबाज ​फिन ऐलन सात बॉल पर 6 रन बनाकर आउट हो गए, इसके बाद तीसरे नंबर पर आए कैमरून ग्रीन भी केवल चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जेवियर बार्टलेट ने अपने पहले ही ओवर में दो विकेट लेकर केकेआर को बैकफुट पर ढकेल दिया। 

कैमरून ग्रीन एक ​बार फिर फ्लॉप, नहीं चला बल्ला

जिन कैमरून ग्रीन पर केकेआर ने इतना बड़ा दांव लगाया था, वो फिर से सस्ते में आउट हो गए और टीम को धोखा देने का काम किया है। केकेआर ने ग्रीन को 25 करोड़ रुपये में खरीदा था। लेकिन वे गेंदबाजी कर नहीं रहे और बल्लेबाजी उनसे हो नहीं रही है। ऐसे में केकेआर की टीम अपने आप में ठगा हुआ सा महसूस कर रही होगी। खैर, फिलहाल केकेआर का खाता तो खुल गया और वे एक हार से बच गए हैं। देखना होगा कि आने वाले मैचों में टीम और सबसे महंगे खिलाड़ी कैमरून ग्रीन कैसा प्रदर्शन अपनी टीम के लिए करते हैं। 

यह भी पढ़ें 

IPL 2026 Points Table: कोलकाता बनाम पंजाब मैच रद, फिर भी बदल गई अं​क तालिका, दो टीमों का नहीं खुला खाता

पाकिस्तान से आई बड़ी खबर, स्टार गेंदबाज की फिटनेस पर उठे सवाल, PSL से बाहर होने की आई नौबत!

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल