Naseem Shah: पाकिस्तान के तेज गेंदबाज नसीम शाह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। पहले सोशल मीडिया पर बयान को लेकर भारी जुर्माना झेल चुके इस युवा खिलाड़ी की मुश्किलें अब उनकी फिटनेस को लेकर और बढ़ती नजर आ रही हैं। नसीम शाह खराब फिटनेस के कारण उन्हें पाकिस्तान सुपर लीग से भी बाहर होना पड़ सकता है।
PSL से बाहर हो सकते हैं नसीम
टेलीकॉमएशिया की रिपोर्ट के अनुसार, नसीम शाह साइड स्ट्रेन यानी मांसपेशियों में खिंचाव से जूझ रहे हैं, जो उन्हें रावलपिंडी और कराची किंग्स के बीच मुकाबले के दौरान हुआ। इसके बाद वह टीम के पिछले मैच में भी नहीं खेल पाए, जिससे उनकी फिटनेस पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। अगर उनकी हालत में सुधार नहीं होता, तो वह पाकिस्तान सुपर लीग के बाकी मुकाबलों से भी बाहर हो सकते हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और टीम के मेडिकल पैनल नसीम की फिटनेस और व्यवहार दोनों से खुश नहीं हैं। उन्हें जल्द ही मेडिकल पैनल के सामने पेश होना होगा और लंबा रिहैब प्रोग्राम पूरा करना पड़ सकता है।
करियर पर पड़ा असर
23 साल के नसीम शाह ने अपने करियर की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी। 2020 में बांग्लादेश के खिलाफ हैट्रिक लेकर उन्होंने सुर्खियां बटोरी थीं और 2022 टी20 वर्ल्ड कप में भी उनका प्रदर्शन दमदार रहा था। लेकिन बार-बार चोटिल होने और फिटनेस समस्याओं ने उनके करियर की रफ्तार धीमी कर दी है। 2023 ODI वर्ल्ड कप से भी वह फिटनेस के कारण बाहर हो गए थे।
ऑफ-फील्ड विवाद भी बना वजह
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि नसीम का ध्यान क्रिकेट से ज्यादा विज्ञापनों और पॉडकास्ट की ओर रहा है, जिससे उनके प्रदर्शन पर असर पड़ा है। हाल ही में उन्हें एक बड़े विवाद का सामना करना पड़ा, जब उन्होंने पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज पर सोशल मीडिया में टिप्पणी की थी। इस मामले में PCB ने उन्हें करीब 20 मिलियन पाकिस्तानी रुपये का भारी जुर्माना लगाया, जो पाकिस्तान क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े जुर्मानों में से एक माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, नसीम शाह जल्द ही डॉ. जावेद मुगल की अगुवाई वाले मेडिकल पैनल के सामने पेश होंगे। चयन समिति भी उनकी लगातार फिटनेस समस्याओं से नाखुश बताई जा रही है। नसीम शाह के लिए यह समय बेहद चुनौतीपूर्ण है। एक तरफ फिटनेस की समस्या और दूसरी तरफ विवाद। इन दोनों ने उनके करियर पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि वह इस मुश्किल दौर से कैसे उबरते हैं और मैदान पर कब वापसी करते हैं।
यह भी पढ़ें:
फखर जमां पर PCB ने लगाया बैन, अब PSL में बन गए इस टीम के कोच
KKR Vs PBKS: कौन जीतेगा आज का मैच, कितने बजे शुरू होगा मुकाबला