Harshit Rana: IPL 2026 से पहले खिलाड़ियों की चोटों ने कई टीमों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, लेकिन 3 बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स यानी KKR ने एक अलग फैसला लिया है। टीम ने अपने दो अहम तेज गेंदबाजों हर्षित राणा और मथीशा पथिराना के लिए फिलहाल कोई रिप्लेसमेंट नहीं लेने का फैसला किया है। हालांकि, दोनों खिलाड़ियों के मामले अलग-अलग हैं।
हर्षित राणा ने KKR को दी टेंशन
दरअसल, भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने की चोट के कारण इस सीजन में KKR के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। हालांकि, राणा के बाहर होने को लेकर अब तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन उन्हें हाल ही में सर्जरी करानी पड़ी है और पूरी तरह फिट होने में समय लगेगा। ऐसे में तेज गेंदबाज का इस सीजन खेलना मुश्किल नजर आ रहा है। राणा पिछले दो सीजन में KKR के लिए भरोसेमंद गेंदबाज बनकर उभरे थे। उन्होंने IPL 2024 में 19 विकेट और IPL 2025 में 15 विकेट झटके थे। इसके बावजूद KKR हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट नहीं तलाशेगी।
दरअसल, KKR मैनेजमेंट का मानना है कि उनके पास तेज गेंदबाजी के लिए पर्याप्त विकल्प मौजूद हैं। टीम में पहले से ही चार भारतीय पेसर हैं वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, कार्तिक त्यागी और आकाश दीप। इसी वजह से फ्रैंचाइजी ने राणा के लिए अलग से रिप्लेसमेंट लेने की जरूरत नहीं समझी।
पथिराना की वापसी की उम्मीद
दूसरी ओर श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना भी चोट के कारण फिलहाल टीम से बाहर हैं। केकेआर ने उन्हें 18 करोड़ रुपये में खरीदा था। क्रिकबज के सूत्रों के मुताबिक, फ्रैंचाइजी को उम्मीद है कि पथिराना IPL के किसी चरण में टीम के साथ जुड़ सकते हैं, भले ही पूरे सीजन के लिए उपलब्ध न हों। यही वजह है कि KKR ने अभी उनके लिए भी कोई रिप्लेसमेंट नहीं ढूंढा है। पथिराना के मैनेजर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर उनकी KKR जर्सी में फोटो शेयर की, जिससे इस बात की उम्मीद और बढ़ गई है कि वह टूर्नामेंट के दौरान टीम से जुड़ सकते हैं।
KKR की रणनीति पर टिकी निगाहें
IPL जैसे लंबे टूर्नामेंट में चोटें अक्सर टीमों की रणनीति बदल देती हैं। ऐसे में कोलकाता नाइट राइडर्स का यह फैसला दिलचस्प माना जा रहा है कि वे नए खिलाड़ी लेने की बजाय अपने मौजूदा स्क्वॉड पर ही भरोसा जता रहे हैं। अब देखना होगा कि टूर्नामेंट के दौरान यह रणनीति KKR के लिए कितनी सफल साबित होती है।
यह भी पढ़ें
आखिरी ओवर में हुआ जमकर ड्रामा, बांग्लादेश के इस हरकत से नाराज हुआ पाकिस्तान, मैच के बाद की शिकायत