KL Rahul: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2 अक्टूबर से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ी खुशखबरी मिली है। सिलेक्टर्स ने टेस्ट सीरीज के लिए जिस टीम की घोषणा की है, उसमें अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल को भी जगह मिली है। इसी बीच राहुल ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी फिटनेस और फॉर्म दोनों को साबित कर दिया है।
तीसरे दिन 79 रन बनाकर छोड़ा मैदान
दरअसल, लखनऊ में खेले जा रहे इंडिया-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए के बीच दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट के चौथे दिन केएल राहुल ने शतक जड़कर सभी का ध्यान खींच लिया। राहुल का यह प्रदर्शन भारतीय टीम के लिए किसी राहत से कम नहीं है, क्योंकि आगामी वेस्टइंडीज सीरीज में उनसे बड़ी पारी की उम्मीदें पहले से ही बढ़ चुकी हैं।
ऑस्ट्रेलिया-ए ने भारत-ए को जीत के लिए 412 रनों का विशाल लक्ष्य दिया था। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 2 विकेट पर 169 रन बना लिए थे। केएल राहुल उस समय 97 गेंदों पर 79 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे, लेकिन तभी फिजियो उन्हें मैदान से बाहर ले गए और उनकी पारी बीच में रुक गई। उनके लौटने के बाद देवदत्त पडिक्कल भी जल्दी आउट होकर पवेलियन लौट गए।
चौथे दिन जड़ा शानदार शतक
चौथे दिन भारतीय पारी को साईं सुदर्शन और मानव सुतार ने आगे बढ़ाया। हालांकि, स्कोर में 20 रन और जुड़ने के बाद मानव सुतार भी आउट हो गए। इसके बाद केएल राहुल ने दोबारा मैदान पर वापसी की और आते ही शानदार अंदाज में शतक पूरा कर लिया। उन्होंने अपने शतक के लिए 21 रन और जोड़े और लंच तक 103 रन बनाकर नाबाद रहे। दूसरी ओर साईं सुदर्शन भी 98 रन पर टिके हुए थे।
भारत-ए को अभी भी जीत के लिए 151 रनों की दरकार है और उसके सात विकेट शेष हैं। ऐसे में केएल राहुल और साईं सुदर्शन की साझेदारी टीम की जीत में निर्णायक साबित हो सकती है। राहुल की यह पारी न केवल उनकी लय को दर्शाती है बल्कि यह भी संकेत देती है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वह टीम इंडिया के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
यह भी पढ़ें
पाकिस्तान से हुआ ब्लंडर, गली क्रिकेट में लड़के भी नहीं करेंगे ऐसी भयंकर भूल