1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. LSG Playoffs Scenario: लखनऊ की टीम हो गई है प्लेऑफ की रेस से बाहर! ये बन रहे हैं समीकरण

LSG Playoffs Scenario: लखनऊ की टीम हो गई है प्लेऑफ की रेस से बाहर! ये बन रहे हैं समीकरण

 Published : May 05, 2025 01:52 pm IST,  Updated : May 05, 2025 01:54 pm IST

लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए अब इस साल का आईपीएल करीब करीब खत्म है। टीम को बचे हुए तीन मैच ना केवल जीतने होंगे, बल्कि बड़े अंतर से अपने नाम करने होंगे।

lucknow super giants- India TV Hindi
लखनऊ सुपर जायंट्स Image Source : PTI

लखनऊ सुपर जायंट्स का हाल ठीक नहीं है। टीम को लगातार हार पर हार मिल रही है और अब हालत ये हो गई है कि टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर होने की कगार पर खड़ी है। हालांकि अभी आधिकारिक रूप से तो टीम आईपीएल से बाहर नहीं हुई है, लेकिन इससे ज्यादा दूर भी नहीं है। चलिए जरा समझने की कोशिश करते हैं कि एलएसजी की टीम अभी कहां है और उसके कितने मैच बचे हुए हैं। साथ ही टीम के प्लेऑफ में जाने के कितने चांस हैं, इसे भी जानते हैं। 

एलएसजी की टीम अंक तालिका में नंबर सात पर

एलएसजी ने अब तक इस साल के आईपीएल में 11 मुकाबले खेल लिए हैं और इसमें से पांच में ही उसे जीत मिली है, वहीं छह में हार का मुंह देखना पड़ा है। टीम के पास दस अंक हैं और इस वक्त एलएसजी की टीम सातवें नंबर पर है। एक वक्त टीम प्लेऑफ की तगड़ी दावेदार माना जा रहा था, लेकिन टीम लगातार तीन मुकाबले हार चुकी है, इससे अब उसकी हालत काफी पतली हो चुकी है। टीम के अभी तीन मैच बचे हुए हैं। 

बचे हुए तीन मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे

लखनऊ सुपर जायंट्स का अगला मुकाबला 9 मई को आरसीबी से होगा, ये मैच लखनऊ में खेला जाएगा। क्या टीम अपने घर पर आरसीबी को हराकर कुछ कमाल कर सकती है, ये देखना दिलचस्प होगा। इसके बाद टीम को गुजरात के खिलाफ अहमदाबाद में मुकाबला खेलना है। टीम का आखिरी लीग मैच एसआरएच के खिलाफ अपने घर पर 18 मई को है। यानी टीम के तीन में से दो मैच अपने से ज्यादा बेहतर टीमों से है। टीम को घर पर दो मुकाबले खेलने हैं, लेकिन यहां से एक भी मैच में मिली हार टीम को प्लेऑफ की रेस से पूरी तरह से बाहर कर सकत है। मान लेते हैं कि टीम यहां से अपने बचे हुए तीनों मैच जीत भी जाती है तो वो अधिकतम 16 अंक हासिल कर पाएगी। जो शायद प्लेऑफ में जाने के लिए पर्याप्त नहीं होंगे। टीम की दिक्कत ये भी है कि उसका नेट रन रेट काफी गिरा हुआ है। यानी केवल जीत से उसका काम नहीं चलेगा। अगर उसे प्लेऑफ में जाना है तो बचे हुए तीनों मैच ना केवल जीतने हैं, ​बल्कि बड़े अंतर से जीतने हैं। ऐसे में टीम की राह आसान तो कतई नहीं है। 

गुजरात की टीम निकल गई बहुत आगे, लखनऊ कर रही संघर्ष

साल 2022 में दो नई टीमें की एंट्री आईपीएल में हुई थी। इसमें एक थी गुजरात और दूसरी लखनऊ की टीम। गुजरात टाइटंस ने जहां पहली ही बार में आईपीएल का खिताब अपने नाम कर लिया था, वहीं दूसरी बार फाइनल में भी पहुंची, लेकिन लखनऊ की बात करें तो टीम जीतना तो दूर की बात है, टीम फाइनल तक में नहीं पहुंच पाई है, इस बार तो प्लेऑफ के लिए भी लाले पड़े हुए हैं। टीम ने जो दांव ऋषभ पंत को 27 करोड़ में खरीदकर खेला था, वो भी उल्टा पड़ गया है। पंत बुरी तरह से फ्लॉप चल रहे हैं और उनसे रन ही नहीं बन रहे हैं। टीम को इससे खासा नुकसान हो रहा है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल