ऑस्ट्रेलिया की टीम जल्द ही तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका का दौरा करेगी। इस सीरीज के शुरू होने से पहले साउथ अफ्रीका की टीम को एक बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से इस सीरीज से अपना नाम वापस ले लिया है। उनकी जगह साउथ अफ्रीका के स्क्वॉड में 20 साल के नकोबानी मोकोएना को शामिल किया गया है। तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच 24 सितंबर को डरबन में खेला जाएगा।
लुंगी एनगिडी को फर्स्ट क्लास मैच में खेलने के दौरान लगी चोट
लुंगी एनगिडी को पिछले हफ्ते टाइटन्स और डॉल्फिन के बीच हुए डोमेस्टिक फर्स्ट क्लास मैच के दौरान दाहिने पैर की मांसपेशियों (हैमस्ट्रिंग) में खिंचाव आ गया था। बुधवार को हुए स्कैन से पता चला है कि उन्हें ठीक होने के लिए कुछ समय आराम और रिहैब की जरूरत होगी। एनगिडी से पहले साउथ अफ्रीका के दो और तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा और ओटनील बार्टमैन चोट की वजह से इस वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं।
मोकोएना ने नामीबिया के खिलाफ खेला था अपना पहला ODI मैच
लुंगी एनगिडी की जगह 20 साल के तेज गेंदबाज एनकोबानी मोकोएना को वनडे टीम में शामिल किया गया है, जिन्होंने हाल ही में नामीबिया दौरे पर अपना पहला वनडे मैच खेला था। मोकोएना घरेलू मैच में डॉल्फिन टीम की तरफ से खेल रहे थे, जहां उन्होंने पहले दिन 19 ओवर में 78 रन देकर 1 विकेट लिया। हालांकि वनडे सीरीज की तैयारियों के लिए उन्हें उस मैच से बीच में ही वापस बुला लिया गया और उनकी जगह बयांदा मजोला को मैच में शामिल किया गया। अब वनडे सीरीज में साउथ अफ्रीका की तेज गेंदबाजी की कमान मार्को जानसेन संभालेंगे। इनके अलावा कॉर्बिन बॉश, गेराल्ड कोएत्जी और क्वेना मफाका भी तेज गेंदबाज के रूप में टीम में शामिल हैं।
कगिसो रबाडा की चोट से परेशान है साउथ अफ्रीका टीम मैनेजमेंट
साउथ अफ्रीका के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि 9 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में लुंगी एनगिडी खेलेंगे या नहीं, इसका फैसला सीरीज शुरू होने से ठीक पहले लिया जाएगा। इसके अलावा टीम कगिसो रबाडा को लेकर भी परेशान है। ट्रेनिंग के दौरान उनके पैर की मांसपेशी खिंच गई थी। रबाडा मई में आईपीएल खत्म होने के बाद से कोई भी मैच नहीं खेल पाए हैं। अब रबाडा इस टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध हो पाते हैं या नहीं ये भी देखने लायक बात होगी।
यह भी पढ़ें
अजीत अगरकर पर लटकी है तलवार! पार्थिव पटेल ने सोशल मीडिया पर क्या किया इशारा