AUS vs ENG 2nd Test: कोई भी टीम स्पोर्ट बॉल के रंग को लेकर इतना जुनूनी नहीं है जितना क्रिकेट है। यही कारण है कि टेस्ट क्रिकेट में समय-समय पर पिंक बॉल टेस्ट मैच का आयोजन होता रहता है। एशेज 2025 का दूसरा टेस्ट भी पिंक बॉल टेस्ट होने जा रहा है। ब्रिस्बेन के गाबा में 4 दिसंबर से डे-नाइट टेस्ट का आगाज होगा, जो टेस्ट क्रिकेट के 148 साल के इतिहास में सिर्फ 25वां पिंक-बॉल टेस्ट होगा। इस मैच में इंग्लैंड की कोशिश पलटवार करने की होगी जबकि ऑस्ट्रेलिया सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल करने के इरादे से उतरेगी। इससे पहले एशेज 2025 का पहला टेस्ट महज 2 दिन में समाप्त हो गया था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 8 विकेट से धूल चटाई थी।
मार्नश लाबुशेन के निशाने पर बड़ा रिकॉर्ड
पर्थ में ऑस्ट्रेलिया की धमाकेदार जीत के बाद अब दूसरे टेस्ट पर क्रिकेट फैंस की निगाहें टिकी हुई हैं, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज मार्नश लाबुशेन के पास इतिहास रचने का शानदार मौका होगा। दरअसल, मार्नश लाबुशेन डे-नाइट टेस्ट में 1000 रन बनाने के बेहद करीब हैं। इस खास मुकाम को हासिल करने के लिए उन्हें गाबा टेस्ट में सिर्फ 42 रन बनाने की दरकार होगी। अगर ऐसा करने में लाबुशेन कामयाब हो जाते हैं, तो वह डे-नाइट टेस्ट में 1000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।
डे-नाइट टेस्ट में मार्नश लाबुशेन का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। उन्होंने 9 डे-नाइट टेस्ट मैचों की 15 पारियों में 63.86 के शानदार औसत से 958 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और इतने ही अर्धशतक निकले हैं। उनके बाद दूसरे पायदान पर स्टीव स्मिथ हैं। डे-नाइट टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों में सभी ऑस्ट्रेलियन हैं।
डे-नाइट टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
- मार्नश लाबुशेन - 958
- स्टीव स्मिथ - 815
- डेविड वॉर्नर - 753
- ट्रैविस हेड - 719
- उस्मान ख्वाजा - 575
- जो रूट - 501
स्टीव स्मिथ छू सकते हैं खास मुकाम
दूसरे टेस्ट में स्टीव स्मिथ पर भी निगाहें होंगी, जो एशेज के इतिहास में 3500 रन पूरे करने के बेहद करीब हैं। इसके लिए उन्हें सिर्फ 64 रनों की दरकार है। अब तक सिर्फ 2 बल्लेबाज ही एशेज में 3500 रनों के आंकड़े को पार कर पाए हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन और इंग्लैंड के दिग्गज जैक हॉब्स शामिल हैं।
यह भी पढ़ें:
T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले इस देश का दौरा करेगा पाकिस्तान, एक ही शहर में खेले जाएंगे सभी मैच