1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कीवी खिलाड़ी ने मचाया तहलका, 100 बॉल टूर्नामेंट में ऐसा करने वाले बने दुनिया के दूसरे गेंदबाज

कीवी खिलाड़ी ने मचाया तहलका, 100 बॉल टूर्नामेंट में ऐसा करने वाले बने दुनिया के दूसरे गेंदबाज

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Aug 21, 2025 05:40 pm IST,  Updated : Aug 21, 2025 05:40 pm IST

न्यूजीलैंड के धाकड़ गेंदबाज मैट हेनरी की गेंदबाजी का इंग्लैंड में डंका बज गया है। हेनरी ने 100 बॉल टूर्नामेंट में बड़ा कारनामा कर दिखाया है।

Matt Henry- India TV Hindi
मैट हेनरी Image Source : GETTY

न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की दुनियाभर में तूती बोलती है। फिर चाहे IPL हो या 100 बॉल टूर्नामेंट द हंड्रैड। इंग्लैंड में खेले जा रहे द हंड्रैड में न्यूजीलैंड के धाकड़ गेंदबाज मैट हेनरी ने कमाल कर दिया है। हेनरी ने महज 20 गेंदों में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिससे उनका नाम द हंड्रैड के इतिहास में दर्ज हो गया है। हालांकि, हेनरी का ये कारनामा उनकी टीम को जीत नहीं दिला सका लेकिन फिर भी उनकी गेंदबाजी ने सभी को चौंका दिया।

हेनरी ने गेंद से बरपाया कहर

दरअसल, मैट हेनरी ने वेल्श फायर और साउदर्न ब्रेव के बीच कार्डिफ में खेले गए द हंड्रैड 2025 के 21वें मुकाबले में गेंद से कहर बरपाया। हेनरी ने 20 गेंदों में 16 गेंदें डॉट फेंकी। उन्होंने सिर्फ 5 रन खर्च किए और साउदर्न ब्रेव के 2 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इस तरह वह द हंड्रेड के इतिहास में दूसरा सबसे किफायती स्पेल डालने वाले गेंदबाज बन गए। बता दें, द हंड्रेड में सबसे किफायती गेंदबाजी का रिकॉर्ड स्पेंसर जॉनसन के नाम है। जॉनसन ने साल 2023 में अपनी 20 गेंदों में सिर्फ 1 रन देकर तीन विकेट झटके थे। वेल्श फायर बनाम साउदर्न ब्रेव मैच में भले ही स्पेंसर जॉनसन का रिकॉर्ड नहीं टूट सका लेकिन द हंड्रैड में मैट हेनरी की गेंदबाजी का डंका बज गया। 

साउदर्न ब्रेव ने जीता रोमांचक मुकाबला

मैट हेनरी की शानदार गेंदबाजी की बदौलत वेल्श फायर की टीम साउदर्न ब्रेव को 129/8 रन के स्कोर पर रोकने में सफल रही लेकिन जीत हासिल नहीं कर सकी। 130 रनों के लक्ष्य के जवाब में वेल्श फायर की टीम 100 गेंदों में 8 विकेट खोकर 125 रन ही बना सकी। इस तरह साउदर्न ब्रेव ने 4 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

साउदर्न ब्रेव के लिए गेंदबाजी में इंग्लिश गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने सबसे ज्यादा विकेट झटके। आर्चर ने 20 गेंदों में 20 रन देकर 3 विकेट चटकाए। इस दौरान उन्होंने 9 गेंदें डॉट फेंकी। आर्चर के अलावा जेम्स कोल्स और क्रेग ओवरटन ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। गौरतलब है कि द हंड्रैड 2025 में साउदर्न ब्रेव 6 मैचों में 12 पॉइंट के साथ पॉइंट्स टेबल में चौथे पायदान पर है जबकि वेल्श फायर 5 मैचों में अब तक सिर्फ एक ही जीत दर्ज कर सकी है। वेल्श फायर 4 पॉइंट के साथ आखिरी पायदान पर है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल