1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया से बाहर चल रहे मयंक अग्रवाल को आया बुलावा, इंग्लैंड में दिखाएंगे जलवा

टीम इंडिया से बाहर चल रहे मयंक अग्रवाल को आया बुलावा, इंग्लैंड में दिखाएंगे जलवा

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 31, 2026 05:59 pm IST,  Updated : Aug 31, 2026 05:59 pm IST

टीम इंडिया से बाहर चल रहे बल्लेबाज मयंक अग्रवाल को इंग्लैंड से अच्छी खबर आई है। मयंक को डरहम ने अपनी टीम में शामिल कर लिया है।

Mayank Agarwal- India TV Hindi
मयंक अग्रवाल Image Source : AFP

भारतीय टेस्ट टीम से बाहर चल रहे अनुभवी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल को इंग्लैंड की काउंटी क्रिकेट में खेलने का मौका मिला है। 35 साल के मयंक ने काउंटी चैंपियनशिप के मौजूदा सीजन के आखिरी चरण के लिए डरहम क्रिकेट क्लब से करार किया है। वह टीम के बचे हुए मुकाबलों में अपनी सेवाएं देंगे। डरहम इस समय काउंटी चैंपियनशिप के डिवीजन टू में शानदार प्रदर्शन कर रही है। टीम ने अब तक खेले गए 10 मुकाबलों में सात में जीत दर्ज की है, जबकि तीन मैच ड्रॉ रहे हैं। डरहम के खाते में दूसरे स्थान की टीम पर बड़ी बढ़त है और उसके पास डिवीजन वन में वापसी का शानदार मौका है।

डेविड बेडिंघम की जगह मिला मौका

मयंक अग्रवाल को साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज डेविड बेडिंघम की जगह टीम में शामिल किया गया है। बेडिंघम साउथ अफ्रीका के रेड-बॉल सीजन के कारण इस सप्ताह अपने देश लौट रहे हैं। उन्होंने हाल ही में ग्लूस्टरशायर के खिलाफ शतक लगाया था और डरहम की 10 विकेट की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

मयंक इससे पहले भी इंग्लिश काउंटी क्रिकेट का अनुभव हासिल कर चुके हैं। उन्होंने 2025 सीजन के आखिरी तीन मुकाबलों में यॉर्कशायर का प्रतिनिधित्व किया था। ऐसे में इंग्लैंड की परिस्थितियां उनके लिए पूरी तरह नई नहीं हैं। भारतीय टीम के लिए मयंक अग्रवाल ने 2018 से 2021 के बीच 21 टेस्ट मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 41.33 की औसत से 1,488 रन बनाए, जिसमें चार शतक शामिल रहे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 243 रन रहा, जो उन्होंने 2019 में इंदौर टेस्ट में बांग्लादेश के खिलाफ बनाया था। घरेलू क्रिकेट में भी मयंक का प्रदर्शन हाल के दिनों में अच्छा रहा है। रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में कर्नाटक के लिए उन्होंने 678 रन बनाए। उनके नाम एक शतक भी रहा और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 160 रन रहा।

हेड कोच ने जताई खुशी

डरहम के हेड कोच रयान कैंपबेल ने मयंक के टीम से जुड़ने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि बेडिंघम के साउथ अफ्रीका लौटने के बाद टीम को एक अनुभवी इंटरनेशनल बल्लेबाज की जरूरत थी और मयंक के रूप में उन्हें एक शानदार विकल्प मिला है। अब मयंक के सामने डरहम को डिवीजन वन में पहुंचाने में योगदान देने की चुनौती होगी। इंग्लैंड में उनका प्रदर्शन भारतीय क्रिकेट में वापसी की उम्मीदों को भी नई मजबूती दे सकता है।

यह भी पढ़ें:

एशिया कप में कब खेलेगी टीम इंडिया अगला मैच, अंक तालिका का ये है हाल

26 गेंदों में 77 रन, अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी बेकार, मोहाली किंग्स ने 259 का पहाड़ जैसा टारगेट किया चेज

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल