ऑस्ट्रेलिया की टीम अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को लेकर अपनी तैयारियों को शुरू कर दिया है, जिसमें वह अभी घर पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है। इस सीरीज का पहला मुकाबला डार्विन के मैदान पर खेला जा रहा। इस मैच में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 178 रनों का स्कोर बनाया है। इस मैच में कंगारू टीम के कप्तान मिचेल मार्श ने पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाने के साथ एक नया इतिहास भी रचने का काम किया।
मिचेल मार्श जिनकी गिनती टी20 फॉर्मेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में की जाती है, उन्होंने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की पारी की पहली ही गेंद पर छक्का लगा दिया। किसी भी टी20 मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले मिचेल मार्श अब ऑस्ट्रेलिया के लिए पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले आरोन फिंच ने ऑस्ट्रेलियाई टीम की पारी की पहली गेंद पर छक्का तो लगाया था लेकिन वह रन चेज में आया था। मिचेल मार्श को पारी की पहली गेंद लुंगी एन्गीडी ने फेंकी थी जो ऑफ स्टंप के बाहर थी और उसे उन्होंने लॉन्ग ऑफ की तरफ मारा था। हालांकि मार्श ने शुरुआत तो काफी शानदार की लेकिन वह बड़ी पारी खेलने में कामयाब नहीं हो सके और 7 गेंदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
पहले टी20 मैच में एक समय ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी पारी में 75 के स्कोर तक 6 विकेट गंवा दिए थे, इसके बाद टिम डेविड ने एक छोर से पारी को संभालने के साथ 52 गेंदों में 83 रनों की बेहतरीन पारी खेलने के साथ टीम को एक लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की पारी में कुल 13 छक्के लगे जिसमें यह संयुक्त रूप से साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे अच्छा प्रदर्शन है। इससे पहले साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने डरबन के मैदान पर खेले गए टी20 मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपनी पारी में कुल 13 छक्के लगाए थे।
ये भी पढ़ें
स्टार खिलाड़ी ने अचानक किया संन्यास का ऐलान, 14 साल लंबे करियर पर लगाया ब्रेक
भारत में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए इस टीम का बड़ा फैसला, पहली बार विदेश में किया ऐसा काम
संपादक की पसंद