भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान 28 सितंबर को कर दिया जाएगा, जिसमें इस दिन बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक होगी। अभी सभी फैंस की नजरें बीसीसीआई के नए अध्यक्ष के रूप में किसे जिम्मेदारी मिलेगी इसको लेकर टिकी हुई है। दिल्ली में शनिवार को एक केंद्रीय मंत्री के घर हुई मीटिंग में BCCI के शीर्ष अधिकारी मौजूद थे। इसमें नए अध्यक्ष पद के लिए मिथुन मन्हास के नाम को लेकर लगभग सभी ने अपनी सहमति व्यक्त कर दी है। बीसीसीआई एजीएम की ये 94वीं बैठक होगी।
मिथुन मन्हास का अगला अध्यक्ष बनना लगभग तय
अभी तक बीसीसीआई के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी रोजर बिन्नी संभाल रहे थे जिन्होंने सौरव गांगुली का कार्यकाल पूरा होने के बाद इसे संभाला था। अब उनका कार्यकाल पूरा होने के साथ नए संसोधन के अनुसार 70 की उम्र भी पूरी होने के ठीक बाद इस पद को छोड़ना पड़ा। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार मिथुन मन्हास को बीसीसीआई का अगला अध्यक्ष बनाने के लिए सभी ने अपनी सहमति को व्यक्त कर दिया है। मन्हास का अध्यक्ष पद के लिए चुना जाना एक आश्चर्य की बात है क्योंकि उन्होंने भारतीय टीम की तरफ से एक भी मुकाबला नहीं खेला है। इसके अलावा देवजीत साकिया जहां सचिव पद पर बरकरार रहेंगे तो वहीं राजीव शुक्ला उपाध्यक्ष को जिम्मेदारी को संभालेंगे। रोजर बिन्नी के BCCI प्रेसिडेंट का पद छोड़ने के बाद राजीव शुक्ला को एक्टिंग प्रेसिडेंट बनाया गया था।
घरेलू क्रिकेट में मिथुन मन्हास का दिखा है कमाल
मिथुन मन्हास को लेकर बात की जाए तो उन्हें भले ही इंटरनेशनल क्रिकेट में भारतीय टीम की तरफ से एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन घरेलू क्रिकेट में जरूर उनकी गिनती दिग्गज प्लेयर्स में की जाती है। मिथुन मन्हास ने 157 फर्स्ट क्लास मैच अपने पूरे करियर के दौरान खेले हैं, जिसमें उन्होंने 9714 रन बनाने के साथ 27 शतकीय और 49 अर्धशतकीय पारियां खेली हैं। मिथुन मन्हास पिछले कुछ सालों से जम्मू और कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन में प्रशासक के तौर पर काम कर रहे थे, इसके अलावा उन्होंने आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स, पुणे वॉरियर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए भी काम किया है।
ये भी पढ़ें
IND vs PAK: मोहम्मद शमी को पीछे छोड़ देंगे जसप्रीत बुमराह, बस करना होगा ये छोटा सा काम
IND vs PAK: 'देश के लिए अच्छा करें', पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले कप्तान सूर्या का बड़ा बयान