1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. धुरंधर खिलाड़ी का बड़ा यू-टर्न, वापस लिया रिटायरमेंट, सामने आई बड़ी वजह

धुरंधर खिलाड़ी का बड़ा यू-टर्न, वापस लिया रिटायरमेंट, सामने आई बड़ी वजह

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jan 28, 2026 07:30 pm IST,  Updated : Jan 28, 2026 07:45 pm IST

इंग्लैंड से एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है। अनुभवी ऑलराउंडर मोईन अली ने रिटायरमेंट वापस लेने का बड़ा ऐलान कर दिया है।

Moeen Ali- India TV Hindi
मोईन अली Image Source : AFP

इंग्लैंड के अनुभवी ऑलराउंडर मोईन अली ने घरेलू क्रिकेट को अलविदा कहने के अपने फैसले को पलटते हुए एक बार फिर मैदान में उतरने का ऐलान किया है। मोईन आगामी T20 ब्लास्ट में यॉर्कशायर की जर्सी पहनते नजर आएंगे। इसके साथ ही वह द हंड्रेड के अगले ऑक्शन में भी हिस्सा लेंगे, जहां पिछले सीजन वह नहीं खेले थे। सितंबर 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद मोईन ने फ्रेंचाइजी क्रिकेट पर पूरा फोकस किया था। पिछले सीजन T20 ब्लास्ट में उन्होंने वारविकशायर के लिए आठ मुकाबले खेले, लेकिन लीग के बीच में ही टीम छोड़कर ग्लोबल सुपर लीग और कैरेबियन प्रीमियर लीग में गयाना अमेजन वॉरियर्स का हिस्सा बन गए थे। इसी वजह से वह द हंड्रेड टूर्नामेंट में नजर नहीं आए।

यॉर्कशायर मोईन की तीसरी काउंटी टीम

ECB की नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) नीति भी मोईन के फैसले का बड़ा कारण बनी। विदेशी लीगों में खेलने की अनुमति हासिल करने के लिए उन्हें घरेलू क्रिकेट से संन्यास लेना पड़ा था। हालांकि अब परिस्थितियां बदली हैं और उन्होंने यह निर्णय वापस लेते हुए यॉर्कशायर के साथ नई शुरुआत की है। यॉर्कशायर मोईन की काउंटी क्रिकेट में तीसरी टीम होगी। इससे पहले वह वॉर्सेस्टरशायर और वारविकशायर का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

मोईन का हालिया विंटर सीजन बेहद व्यस्त रहा है। उन्होंने कनाडा सुपर 60, अबू धाबी T10, ILT20 और बांग्लादेश प्रीमियर लीग में हिस्सा लिया। अब वह T20 ब्लास्ट से पहले पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में भी खेलते दिखेंगे, जिससे उनकी मैच फिटनेस और लय दोनों बरकरार रहने की उम्मीद है। यॉर्कशायर में मोईन अली को अपने पुराने इंग्लिश साथी और करीबी दोस्त आदिल राशिद का साथ मिल सकता है, जो भले ही 2022 के बाद ब्लास्ट में नजर नहीं आए हों, लेकिन टीम का अहम हिस्सा बने हुए हैं। इसके अलावा जॉनी बेयरस्टो के साथ उनकी संभावित जोड़ी भी फैंस के लिए खास आकर्षण होगी। दोनों 2019 वर्ल्ड कप जीतने वाली इंग्लिश टीम का हिस्सा रह चुके हैं।

मोईन अली ने टीम से जुड़ने पर जताई खुशी

यॉर्कशायर से जुड़ने को लेकर मोईन अली ने कहा कि वह ब्लास्ट के लिए यॉर्कशायर से जुड़कर बहुत खुश हैं। यह एक बहुत बड़ा क्लब है जिसका गौरवशाली इतिहास है, लेकिन जो बात उन्हें सच में पसंद है, वह यह है कि टीम किस दिशा में जा रही है। इस टीम में बहुत टैलेंट है और कोच एंथनी मैकग्रा के साथ काम करने और ग्रुप को आगे बढ़ाने में मदद करने का मौका उनके लिए रोमांचक है।

गौरतलब है कि यॉर्कशायर अब तक T20 ब्लास्ट ट्रॉफी नहीं जीत पाई है। पिछले सीजन नौ टीमों वाले नॉर्थ ग्रुप में टीम आठवें स्थान पर रही थी। हालांकि ऑफ-सीजन में स्क्वॉड में बड़े बदलाव किए गए हैं। डेविड मलान और जॉर्डन थॉम्पसन की विदाई के बाद सैम व्हाइटमैन और एंड्रयू टाय को शामिल किया गया है, जबकि ओवरसीज ऑप्शन में नवीन-उल-हक और लोगन वैन बीक शामिल किया गया है।

यह भी पढ़ें 

IND vs NZ: टीम इंडिया की प्लेइंग XI में होगा बदलाव! कौन होगा बाहर, किसकी होगी एंट्री

IND vs NZ: आज कितने बजे शुरू होगा भारत बनाम न्यूजीलैंड मैच, कहीं बदला तो नहीं है मुकाबले का वक्त

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल