इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 38वां लीग मुकाबला लखनऊ सुपर जाएंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के बीच में लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में एलएसजी टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया जिसे उनके बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने पूरी तरह से सही साबित कर दिया। केकेआर की टीम इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 155 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी, जिसमें उन्होंने एक समय 73 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। हालांकि रिंकू सिंह ने अर्धशतकीय पारी खेलने के साथ अपनी टीम का सम्मान जरूर बचाया।
मोहसिन खान इस मामले में बन गए एलएसजी के सिर्फ तीसरे गेंदबाज
लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम का हिस्सा 27 साल के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन का इस मुकाबले में गेंद से कहर देखने को मिला, जिसमें उन्होंने अपने 4 ओवर्स के स्पेल में सिर्फ 23 रन देने के साथ अकेले केकेआर की आधी टीम को पवेलियन भेजने का काम किया। मोहसिन खान ने इस मैच में टिम सीफर्ट, अजिंक्य रहाणे, रोवमन पॉवेल, कैमरून ग्रीन और अनुकूल रॉय का विकेट हासिल किया, जिसमें एक तरह से मोहसिन ने कोलकाता नाइट राइडर्स के टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों को पूरी तरह से घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। मोहसिन खान अब आईपीएल में लखनऊ सुपर जाएंट्स की तरफ से खेलते हुए 5 विकेट हॉल लेने वाले सिर्फ तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। मोहसिन से पहले ये कारनामा साल 2023 में मार्क वुड ने किया था, जिसमें उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में 14 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे, जबकि यश ठाकुर ने साल 2024 के आईपीएल सीजन में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में 30 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए थे।
रिंकू सिंह ने केकेआर को पहुंचाया सम्मानजनक स्कोर तक
मोहसिन खान ने इस मैच में अपने चार ओवर्स का कोटा पारी के 11वें ओवर्स तक पूरा कर लिया था, जिसमें केकेआर की टीम ने उस समय तक 73 रन ही बनाए थे और 6 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से रिंकू सिंह ने एक छोर से पारी को संभालने के साथ 51 गेंदों में नाबाद में 83 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें उनके बल्ले से 7 चौके और 5 छक्के भी देखने को मिले। केकेआर की टीम के लिए खुद को प्लेऑफ में पहुंचने की रेस में बनाए रखने के ये मुकाबला काफी अहम है।
ये भी पढ़ें
VIDEO: संजू सैमसन ने पलक झपकने से पहले किया शुभमन गिल का काम तमाम, फैंस को आई धोनी की याद