इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 37वां लीग मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस की टीम के बीच में खेला गया। इस मैच को गुजरात टाइटंस की टीम 8 विकेट से एकतरफा अपने नाम करने में कामयाब रही। सीएसके ने मुकाबले में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 158 रनों का स्कोर बनाया था, जिसके बाद जीटी ने 16.4 ओवर्स में ही टारगेट को हासिल कर लिया। वहीं इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स टीम के स्टार खिलाड़ी संजू सैमसन ने शुभमन गिल की जिस तरह से स्टंपिंग आउट करने के साथ पवेलियन भेजा उसने सभी को धोनी की याद जरूर दिला दी।
पलक झपकने से पहले सैमसन ने गिल का काम किया तमाम
गुजरात टाइटंस की टीम जब इस मैच में टारगेट का पीछा करने उतरी तो शुभमन गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी पहले विकेट के लिए 6.2 ओवर्स तक 57 रनों की साझेदारी कर चुकी थी। इसके बाद उस ओवर की तीसरी गेंद जो नूर अहमद फेंक रहे थे उसे उन्होंने लेग साइड की तरफ वाइड फेंकी जिसको शुभमन गिल ने खेलने का प्रयास तो किया लेकिन वह चूक गए। इसी दौरान संजू सैमसन ने विकेट के पीछे मुस्तैदी दिखाते हुए लेग साइड पर गेंद को पकड़ने के साथ तुरंत उसे स्टंप पर मारने के साथ आउट की अपील कर दी। जब सैमसन ने ऐसा किया तो उस दौरान शुभमन गिल काफी आत्मविश्वास में दिखाई दिए कि वह समय रहते क्रीज के अंदर थे। इसके बाद जब तीसरे अंपायर के पास फैसला गया तो उसमें जब बॉल लगी तो गिल का पैर हल्का हवा में था और फिर उन्हें पवेलियन जाना पड़ा। आईपीएल में शुभमन गिल अपने करियर में पांचवीं बार स्टंपिंग आउट होकर पवेलियन लौटे हैं, जिसमें सीएसके के खिलाफ उनके साथ ऐसा तीसरी बार हुआ है।
सुदर्शन-गिल ने रोहित-ईशान को छोड़ा पीछे
आईपीएल के इतिहास में शुभमन गिल और साई सुदर्शन के बीच में इस मैच में हुई फिफ्टी रनों की साझेदारी उनके बीच 19वीं बार पचास या उससे अधिक रनों की साझेदारी है। इसी के साथ गिल-सुदर्शन आईपीएल में सबसे ज्यादा फिफ्टी या उससे अधिक रनों की साझेदारी करने के मामले में रोहित शर्मा और ईशान किशन को पीछे छोड़ने में कामयाब रहे। इस लिस्ट में पहले नंबर पर विराट कोहली और एबी डिविलियर्स की जोड़ी है जिनके बीच आईपीएल में 21 बार फिफ्टी या उससे अधिक रनों की साझेदारी देखने को मिली है।
ये भी पढ़ें
लुंगी एनगिडी ने अपनी भयानक इंजरी को लेकर दिया अपडेट, सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताई हालत
ऋतुराज गायकवाड़ की धोनी और रैना जैसे दिग्गजों के क्लब में एंट्री, CSK के सिर्फ चौथे बल्लेबाज बने