1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2026 फाइनल के दौरान भारत आएंगे मोहसिन नकवी? ICC मीटिंग ने बढ़ाई हलचल

IPL 2026 फाइनल के दौरान भारत आएंगे मोहसिन नकवी? ICC मीटिंग ने बढ़ाई हलचल

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 16, 2026 02:49 pm IST,  Updated : May 16, 2026 02:49 pm IST

मोहसिन नकवी की संभावित भारत यात्रा IPL 2026 फाइनल से पहले चर्चा का बड़ा विषय बन गई है। ICC बोर्ड की बैठक 30 और 31 मई को अहमदाबाद में होनी है, जबकि इसी दौरान IPL फाइनल भी खेला जाएगा।

Mohsin Naqvi- India TV Hindi
मोहसिन नकवी Image Source : AFP

Mohsin Naqvi: IPL 2026 फाइनल से पहले क्रिकेट जगत में एक नई हलचल शुरू हो गई है। चर्चा इस बात की है कि क्या मोहसिन नकवी भारत आएंगे? यह खबर ऐसे समय पर आई है, जब दोनों देशों के बीच क्रिकेट से जुड़े रिश्ते तनावपूर्ण चल रहे हैं। ICC की अहम बैठकों का आयोजन अहमदाबाद में होना है और इसी बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB के चेयरमैन मोहसिन नकवी की संभावित भारत यात्रा ने भारत-पाक क्रिकेट रिश्तों को लेकर फिर से बहस छेड़ दी है।

दरअसल, ICC की चीफ एग्जीक्यूटिव्स कमेटी यानी CEC) की वर्चुअल बैठक 21 मई को होनी तय है, जिसके बाद 30 और 31 मई को अहमदाबाद में बोर्ड की आमने-सामने बैठकें होंगी। खास बात यह है कि इसी दौरान IPL 2026 का फाइनल भी अहमदाबाद में खेला जाएगा। पहले यह बैठक कतर की राजधानी दोहा में मार्च-अप्रैल के दौरान आयोजित होनी थी, लेकिन पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण ICC ने इसे भारत में शिफ्ट करने का फैसला लिया।

मोहसिन नकवी की भारत यात्रा पर सस्पेंस

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन होने के नाते मोहसिन नकवी का ICC बोर्ड बैठक में शामिल होना सामान्य बात मानी जा रही थी, लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा राजनीतिक और क्रिकेट संबंधों को देखते हुए उनकी यात्रा को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि नकवी को IPL 2026 फाइनल में शामिल होने का आधिकारिक निमंत्रण भी मिला है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है और भारत की ओर से भी इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मोहसिन नकवी सिर्फ PCB चेयरमैन ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान सरकार में मंत्री और एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष भी हैं। यही वजह है कि उनकी संभावित भारत यात्रा को सिर्फ क्रिकेट से जोड़कर नहीं देखा जा रहा।

एशिया कप ट्रॉफी विवाद से पहले ही बढ़ा हुआ है तनाव

भारत-पाक क्रिकेट रिश्तों में तनाव पहले से ही बना हुआ है। हाल ही में दुबई में हुए एशिया कप फाइनल के बाद ट्रॉफी विवाद ने दोनों बोर्डों के बीच रिश्तों को और खराब कर दिया था। भारतीय टीम ने फाइनल के बाद मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद नकवी ट्रॉफी और मेडल्स अपने साथ लेकर स्टेडियम से निकल गए थे और बाद में ट्रॉफी को दुबई में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। इसके बाद BCCI ने ट्रॉफी वापसी की मांग की और मामला ICC स्तर तक पहुंच गया। 

ICC के लिए अहमदाबाद में होने वाली बैठक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा हो सकती है, लेकिन भारत-पाक क्रिकेट के नजरिए से यह मामला काफी संवेदनशील बन गया है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि मोहसिन नकवी खुद भारत आते हैं या बैठक से दूरी बनाते हैं। ऐसा भी हो सकता है कि पाकिस्तान किसी दूसरे प्रतिनिधि को भारत भेजे।

यह भी पढ़ें:

ऋषभ पंत का जीत के बाद हो गया बड़ा नुकसान, भारी मिस्टेक की मिली कड़ी सजा

IPL 2026 Points Table: लखनऊ की जीत ने राजस्थान को पहुंचा दिया फायदा, सीएसके के लिए प्लेऑफ की राह हुई कठिन

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल