1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. धोनी ने लगातार 3 छक्के लगाने के साथ रचा इतिहास, IPL में अब तक रोहित-कोहली समेत नहीं कर पाया कोई भारतीय खिलाड़ी

धोनी ने लगातार 3 छक्के लगाने के साथ रचा इतिहास, IPL में अब तक रोहित-कोहली समेत नहीं कर पाया कोई भारतीय खिलाड़ी

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Apr 15, 2024 08:49 am IST,  Updated : Apr 15, 2024 08:49 am IST

IPL 2024: महेंद्र सिंह धोनी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में बल्लेबाजी के दौरान सिर्फ 4 गेंदों का सामना किया जिसमें उन्होंने लगातार 3 छक्के लगाने के साथ कुल 20 रन बनाए। अपनी इस पारी के दम पर धोनी ने आईपीएल में एक खास रिकॉर्ड भी बतौर भारतीय खिलाड़ी बना दिया।

MS Dhoni- India TV Hindi
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में बल्लेबाजी करते हुए महेंद्र सिंह धोनी। Image Source : AP

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में फैंस को महेंद्र सिंह धोनी का बल्ले से फिर वही पुराना अंदाज देखने को मिला। चेन्नई सुपर किंग्स टीम के पूर्व कप्तान धोनी ने सिर्फ 4 गेंदों का सामना किया लेकिन इसमें से उन्होंने पहली 3 गेंदों को स्टैंड में बैठे फैंस के पास पहुंचाया। धोनी ने अपनी इस पारी में 500 के स्ट्राइक रेट के साथ 20 रनों की पारी खेली। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई को उसी के होम ग्राउंड पर 20 रनों से मात देने के साथ इस सीजन में अपनी चौथी जीत दर्ज करने में कामयाबी हासिल की। धोनी अपनी इस पारी के दम पर आईपीएल में एक ऐसा इतिहास भी बनाने में कामयाब हो सके जो अब तक कोई भी भारतीय खिलाड़ी बनाने में कामयाब नहीं हो सका।

आईपीएल में अपनी पारी की पहली 3 गेंदों पर छक्के लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी

महेंद्र सिंह धोनी जब इस मुकाबले में बल्लेबाजी करने उतरे तो उस समय चेन्नई सुपर किंग्स 20वें ओवर की दूसरी गेंद तक 186 रन बना लिए थे। धोनी ने स्ट्राइक लेने के साथ अपनी पारी की पहली गेंद पर लॉन्ग ऑफ की तरफ छक्का लगाया, इसके बाद उन्होंने दूसरी गेंद को लॉन्ग ऑन की तरफ पूरी ताकत से मारते हुए गेंद को फिर छक्के के लिए पहुंचा दिया, जबकि तीसरी गेंद को धोनी ने वाइड लॉन्ग ऑन की तरफ बल्ला घुमाते हुए उसे फिर फैंस के बीच पहुंचा दिया। हालांकि आखिरी गेंद पर धोनी सिर्फ 2 रन ही बनाने में कामयाब हो सके। इस तरह धोनी आईपीएल इतिहास में अब पहले ऐसे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने अपनी पारी की पहली 3 गेंदों पर लगातार तीन छक्के लगाए हैं। इससे पहले आईपीएल में सिर्फ 2 ही खिलाड़ी ऐसा करने में कामयाब हो सके हैं और दोनों ही वेस्टइंडीज के हैं।

पारी की पहली 3 गेंदों पर लगातार तीन छक्के लगाने वाले खिलाड़ी

सुनील नारायण - साल 2012 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में (12वें ओवर में)

निकोलस पूरन - साल 2023 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में (16वें ओवर में)

महेंद्र सिंह धोनी - साल 2024 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में (20वें ओवर में)

अब तक 236 के स्ट्राइक रेट के साथ की है बल्लेबाजी

आईपीएल के 17वें सीजन में धोनी ने अब तक 6 मैचों में से 4 में बल्लेबाजी की है, इस दौरान वह एक भी बार जहां आउट नहीं हुए हैं तो वहीं उन्होंने 236 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 59 रन बनाए हैं। इस दौरान धोनी के बल्ले से जहां सिर्फ 4 चौके देखने को मिले तो वहीं उन्होंने 6 छक्के लगाए हैं।

ये भी पढ़ें

MI vs CSK: रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, ये कारनामा करने वाले पहले भारतीय बने

IPL 2024: एमएस धोनी का बड़ा कारनामा, मैच शुरू होते ही CSK के लिए किया ये कमाल

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल