एमएस धोनी भारत के पूर्व विकेटकीपर और बल्लेबाज हैं। उन्हें दुनिया के सबसे सफल कप्तानों में से एक माना जाता है। धोनी को एक बहुत ही शांत और समझदार कप्तान के रूप में याद किया जाता है। आज यानी 7 जुलाई को उनका 45वां जन्मदिन है, जो उनके फैंस के लिए एक बहुत बड़ा दिन है। धोनी अपने पूरे क्रिकेट करियर के दौरान हमेशा चर्चा में रहे।
हालांकि, उन्हें खुद लाइमलाइट से दूर रहना और चुपचाप अपना काम करना पसंद है यह बात उनके अचानक संन्यास लेने के फैसले से भी साफ दिखती है। इसके बावजूद, उन्होंने मैदान पर कई ऐसे बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं जिन्हें पूरी दुनिया याद रखती है। आइए उनके जन्मदिन पर उनके 5 ऐसे ही शानदार रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं, जिन्हें तोड़ना किसी भी खिलाड़ी के लिए बहुत मुश्किल है।।
सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड
एमएस धोनी के नाम दुनिया में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड है। उन्होंने टेस्ट, वनडे और टी-20 मिलाकर कुल 332 मैचों में टीम की कप्तानी की। इनमें से टीम इंडिया ने 178 मैच जीते और 120 मैचों में हार का सामना करना पड़ा, जबकि 6 मैच टाई रहे और 15 मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए। धोनी ने कुल 200 वनडे, 72 टी-20 और 60 टेस्ट मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की है।
धोनी के नाम है सबसे ज्यादा स्टम्पिंग करने का रिकॉर्ड
एमएस धोनी विकेट के पीछे अपनी तेजी (फुर्ती) के लिए बहुत मशहूर हैं। उनके नाम दुनिया में सबसे ज्यादा स्टम्पिंग करने का रिकॉर्ड है। उन्होंने अपने करियर के 538 इंटरनेशनल मैचों में रिकॉर्ड 195 बार खिलाड़ियों को स्टम्प आउट किया है। एमएस धोनी के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज स्टम्पिंग का रिकॉर्ड है। उन्होंने वेस्टइंडीज के कीमो पॉल को 0.08 सेकेंड में स्टम्प किया था। धोनी ने टेस्ट में 38, वनडे में 120 और टी-20 में 34 बार स्टंप आउट किया है।
तीनों ICC ट्रॉफी जीतने वाले एकमात्र कप्तान हैं एमएस धोनी
एमएस धोनी दुनिया के एकमात्र ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने तीन अलग-अलग आईसीसी (ICC) ट्रॉफियां जीती हैं। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने साल 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप, साल 2011 में वनडे वर्ल्ड कप और साल 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा किया था। आज तक कोई भी दूसरा कप्तान यह कमाल नहीं कर पाया है।
एमएस धोनी के नाम एक विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में वनडे मैच में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने 31 अक्टूबर 2005 को जयपुर में श्रीलंका के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 183 रन बनाए थे। अपनी इस पारी में उन्होंने 15 चौके और 10 छक्के लगाए थे। धोनी से पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के महान विकेटकीपर-बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट के नाम था, जिन्होंने 2004 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 172 रन बनाए थे।
यह भी पढ़ें:
ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत बरकरार, इंग्लैंड को हराकर 7वीं बार जीता T20 वर्ल्ड कप का खिताब