WPL 2026 के लिए मेगा ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने न्यूजीलैंड की स्टार अमेलिया कर के लिए मोटी रकम चुकाई है। मुंबई की टीम ने अभी तक दो बार वुमेंस प्रीमियर लीग का खिताब जीता है। मुंबई ने मेगा ऑक्शन से पहले पांच प्लेयर्स को रिटेन किया था और इनमें हरमनप्रीत कौर, नताली सिवर, हेली मैथ्यूज, अमनजोत कौर और जी कमालिनी का नाम शामिल है।
अमेलिया कर का 50 लाख रुपए था बेस प्राइज
अमेलिया कर अपनी बेहतरीन गेंदबाजी और दमदार बल्लेबाजी के लिए जानी जाती हैं। मेगा ऑक्शन से पहले मुंबई की टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया था। इसके बाद अमेलिया ने ऑक्शन के लिए अपना बेस प्राइज 50 लाख रुपए रखा था। फिर ऑक्शन में उन्हें खरीदने के लिए यूपी वॉरियर्स और मुंबई इंडियंस के बीच बोली लगाने की होड़ शुरू हो गई। कुछ ही देर के बाद कीमत 1 करोड़ के पार हो गई।
मुंबई इंडियंस के हाथ लगी बाजी
इसके बाद जैसे ही बोली 2 करोड़ रुपए के ऊपर गई। यूपी वॉरियर्स की टीम पीछे हट गई। बाद में इस बिडिंग वॉर में मुंबई इंडियंस ने बाजी मार ली और उन्होंने अमेलिया कर को 3 करोड़ रुपए में खरीद लिया। इस तरह से मुंबई ने उन्हें बेस प्राइज से 6 गुनी ज्यादा कीमत पर खरीद लिया। वह पहले भी मुंबई की टीम के लिए अपना जलवा दिखा चुकी हैं। उन्होंने अभी तक WPL के तीनों सीजन में हिस्सा लिया है और इस दौरान उन्होंने कुल 437 रन बनाए हैं। इसके अलावा गेंदबाजी में कमाल करते हुए उन्होंने 40 विकेट झटके हैं।
न्यूजीलैंड को जिताया था टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब
अमेलिया कर की गिनती न्यूजीलैंड की बेहतरीन प्लेयर्स में होती है। उन्होंने अभी तक कीवी टीम के लिए 88 T20I मैचों में कुल 1453 रन बनाए हैं, जिसमें पांच अर्धशतक शामिल हैं। वहीं 95 विकेट भी चटकाए हैं। अमेलिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में न्यूजीलैंड के लिए दमदार प्रदर्शन किया था और वह टीम के लिए सबसे बड़ी मैच विनर बनकर उभरी थीं। तब उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कुल 15 विकेट और 135 रन हासिल किए थे। इसी वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट का अवॉर्ड मिला था। उनकी वजह से ही टीम टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीत पाई थी।
यह भी पढ़ें:
भारत को वर्ल्ड कप जिताने वाली प्लेयर पर पहले लगी सिर्फ 50 लाख की बोली, अचानक से UPW ने किया खेल
WBBL में इस खिलाड़ी ने मचाया तहलका, WPL Mega Auction में लग गई दो करोड़ की बोली