New Zealand vs Zimbabwe: न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जा रही है। पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड की टीम ने 9 विकेट से जीत दर्ज की थी। अब दोनों टीमों के बीच 7 अगस्त से दूसरा टेस्ट मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच से पहले ही न्यूजीलैंड की टीम को तगड़ा झटका लगा है, जब ऑलराउंडर नाथन स्मिथ पेट की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। अब उनकी जगह दूसरे टेस्ट के लिए स्क्वाड में जकारी फॉल्कस को मौका मिला है। उन्हें पहली बार न्यूजीलैंड की टेस्ट स्क्वाड में जगह दी गई है।
नाथन स्मिथ हुए बाहर
नाथन स्मिथ को जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे दिन बल्लेबाजी करते समय चोट लग गई थी। इसके बाद MRI स्कैन में मांसपेशियों में खिंचाव की पुष्टि हुई, जिससे उबरने में लगभग दो से चार हफ्ते लगेंगे। स्मिथ ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहली पारी में तीन विकेट हासिल किए थे। इसके अलावा बैटिंग करते हुए उन्होंने 79 गेंदों में 22 रन बनाए। चोटिल होने के बाद वह रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए और फिर वह मैदान पर नहीं लौटे।
जकारी फॉल्कस ने ट्राई सीरीज में लिया था हिस्सा
23 साल के जकारी फॉल्कस ने अभी तक न्यूजीलैंड के लिए 13 टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 15 विकेट हासिल किए हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के खिलाफ हुई ट्राई सीरीज में हिस्सा लिया था, जिसमें न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था। इसके अलावा फर्स्ट क्लास मैचों में उनके नाम पर 57 विकेट और लिस्ट-ए में 70 विकेट दर्ज हैं।
विल ओ रूर्के को भी है दिक्कत
विल ओ रूर्के को भी पीठ में अकड़न का अनुभव हुआ था। इसी वजह से उनके कवर के तौर पर बेन लिस्टर को स्क्वाड में शामिल किया गया है। रूर्के ने पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में क्रमशः 13 और 10 ओवर फेंके थे और दूसरी पारी में तीन विकेट हासिल किए थे।
यह भी पढ़ें:
हैरी ब्रूक ने भारत के खिलाफ इतनी गेंदों में ही जड़ा शतक, रोहित और गिल के बराबर पहुंचे
IND vs ENG टेस्ट सीरीज में ध्वस्त हुआ 49 साल पुराना रिकॉर्ड, पहली बार 9 बल्लेबाजों किया ये कमाल