न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट से बड़ी खबर सामने आई है। न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की भरोसेमंद बल्लेबाज लॉरेन डाउन ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। ऑकलैंड में जन्मी और पली-बढ़ी डाउन ने अपने स्टेट और देश का प्रतिनिधित्व करते हुए कई यादगार पारियां खेलीं। रिटायरमेंट लेने के बाद उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा बनकर बहुत अच्छा लगा और वह अपने देश को रिप्रेजेंट करने का मौका पाकर बहुत शुक्रगुजार हैं। उन्हें टीम के खिलाड़ियों के साथ रहना याद आएगा।
30 साल की डाउन ने 2011 में ऑकलैंड क्रिकेट टीम के लिए T20 डेब्यू किया था और इसके बाद 202 मैचों में टीम का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने ऑकलैंड के लिए 101 लिस्ट ए और 101 T20 मैच खेले। वह टीम की तीसरी सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी रहीं। T20 में 1496 रन और लिस्ट ए में 2690 रन बनाकर उन्होंने अपनी छाप छोड़ी। करियर के शुरुआती दौर में ऑलराउंडर के रूप में उन्होंने 41 विकेट भी झटके। डाउन पांच बार हैलीबर्टन जॉनस्टोन शील्ड जीतने वाली टीम का हिस्सा रहीं। 2019-20 के फाइनल में उन्होंने 90 रन की शानदार पारी खेलकर ऑकलैंड को नॉर्दन डिस्ट्रिक्ट पर 67 रन से जीत दिलाई।
लॉरेन डाउन घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का इनाम साल 2018 में उस समय जाकर मिला, जब उन्हें न्यूजीलैंड की महिला टीम में शामिल कर लिया गया। हालांकि, उनका इंटरनेशनल करियर ज्यादा लंबा नहीं रहा। उन्होंने मार्च 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला ODI मैच खेला। उनका ODI करियर लगभग 6 साल का रहा। दिसंबर 2024 में उन्होंने अपना आखिरी ODI मैच खेला।
T20I करियर की बात की जाए तो फरवरी 2020 में लॉरेन डाउन का डेब्यू हुआ जबकि दिसंबर 2022 में अपना आखिरी T20I मैच खेला। न्यूजीलैंड की ओर से उन्होंने 35 ODI और 13 T20 इंटरनेशनल मैच खेले। 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बे ओवल में 90 रन की पारी उनकी यादगार पारियों में शामिल रही।
साल 2022 में अंगूठे की चोट के कारण वह महिला वर्ल्ड कप से बाहर रहीं, लेकिन वापसी करते हुए ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2023 टीम में जगह बनाई। मातृत्व अवकाश के बाद भी उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में सफल वापसी कर सभी को प्रेरित किया। न्यूजीलैंड की महिला कोच बेन सॉयर ने उनके समर्पण और टीम भावना की जमकर सराहना की। वहीं, साथी खिलाड़ी मैडी ग्रीन ने उन्हें मेहनती, विनम्र और बेहतरीन टीममेट बताया।
संपादक की पसंद