NZ vs SA 1st T20I: न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका की टीमें पहले टी20 मुकाबले में आमने-सामने हुई। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला माउंट माउंगानुई के बे ओवल स्टेडियम में खेला गया, जहां साउथ अफ्रीका ने 7 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही अफ्रीकी टीम इस पांचों मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल करने में कामयाब रही। इस मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए कीवी टीम 14.3 ओवर में 91 रन पर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में साउथ अफ्रीका ने इस टारगेट को बेहद आसानी से 16.4 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर से कीवी टीम के विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। कीवी टीम के चार बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार करने में कामयाब रहे। वहीं टीम के लिए सबसे ज्यादा रन जेम्स नीशम ने बनाए। उन्होंने 21 बॉल में 26 रन की पारी खेली। उनके अलावा मिचेल सैंटनर और कोल मैकांकी ने 15-15 रन का योगदान दिया। साउथ अफ्रीका की तरफ से बॉलिंग में डेब्यूटेंट नकोबानी मोकोएना ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं गेराल्ड कोएत्जी, केशव महाराज और ओटनील बार्टमैन को 2-2 सफलता मिली।
टारगेट का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका को भी इस मैच में अच्छा स्टार्ट नहीं मिला। 7 के स्कोर पर अफ्रीकी टीम ने पहला विकेट टोनी डी जोरजी (2 रन) के रूप में गंवाया। वहीं रुबिन हरमन (7 रन) भी 28 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद जेसन स्मिथ 10 रन बनाकर आउट हो गए। साउथ अफ्रीका के लिए डेब्यूटेंट कॉनर एस्टरहुइजन ने सबसे ज्यादा रन बनाए और वो टीम को जीत की दहलीज तक लेकर गए। एस्टरहुइजन ने 48 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाए। न्यूजीलैंड की तरफ से गेंदबाजी में काइल जैमीसन, जैकरी फॉल्क्स और मिचेल सैंटनर को एक-एक विकेट मिला।
पहले टी20 मैच के लिए साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की प्लेइंग XI
साउथ अफ्रीका: कॉनर एस्टरहुइजन (विकेटकीपर), जॉर्डन हरमन, टोनी डी जोरजी, रूबिन हरमन, जेसन स्मिथ, डियान फॉरेस्टर, जॉर्ज लिंडे, गेराल्ड कोएत्जी, केशव महाराज (कप्तान), नकोबानी मोकोएना, ओटनील बार्टमैन
न्यूजीलैंड: डेवोन कॉनवे, टॉम लैथम (विकेटकीपर), टिम रॉबिन्सन, निक केली, बेवन जैकब्स, जेम्स नीशम, मिचेल सेंटनर (कप्तान), जैकरी फॉल्क्स, कोल मैककॉन्ची, काइल जैमीसन, बेन सियर्स
संपादक की पसंद