लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम को आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच में एक बड़ा झटका लगा है। इस मैच में बल्लेबाजी करने के दौरान LSG के रेगुलर कप्तान ऋषभ पंत को हाथ में चोट लग गई, चोटिल होने की वजह से उन्हें बीच मैच में रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटना पड़ा था। वहीं इसी वजह से वह दूसरी पारी में फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं दिखे। उनकी गैरमौजूदगी में मुकुल चौधरी विकेटकीपिंग कर रहे हैं। इसके साथ ही लखनऊ को बीच मैच में कप्तान भी बदलना पड़ा है।
निकोलस पूरन कर रहे हैं LSG की कप्तानी
दरअसल लखनऊ के पास कप्तान के लिए मिचेल मार्श, एडन मार्करम जैसे अच्छे विकल्प मौजूद थे, लेकिन उन्होंने फिर भी निकोलस पूरन को कप्तानी दी है। दरअसल फ्रेंचाइजी ने ये फैसला इसलिए लिया है क्योंकि जब उन्होंने पिछले सीजन ऋषभ पंत को कप्तान नियुक्त किया था, उसी वक्त उन्होंने पूरन को उपकप्तानी सौंप दी थी। ऐसे में इस मैच में जब पंत चोटिल हुए तो उसी वक्त ये साफ था कि उनकी गैरमौजूदगी में निकोलस पूरन ही कप्तानी करेंगे। लेकिन आपको बता दें कि पूरन का फॉर्म इस वक्त काफी खराब है। इस सीजन वह अब तक पांच मैचों में सिर्फ 42 रन बना पाए हैं।
RCB के खिलाफ मैच में नहीं चला पूरन का बल्ला
इस मैच में निकोलस पूरन नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने के लिए आए थे। वह 7 गेंदों में सिर्फ 1 रन ही बना सके और जोश हेजलवुड की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। उनका विकेट गिरने के बाद लखनऊ की टीम दबाव में आ गई। पूरन का फॉर्म इस वक्त काफी ज्यादा खराब है। इस सीजन अब तक एक भी मैच में उनका बल्ला नहीं चला है। पिछली 13 पारियों में वह एक भी बार 20 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाए हैं। ऐसे में उन्हें कब तक प्लेइंग XI में मौका मिलता है ये देखना दिलचस्प होगा।
21 करोड़ में LSG ने किया है पूरन को रिटेन
पूरन को एलएसजी ने 2023 में 16 करोड़ में खरीदा था और आईपीएल 2025 से पहले 21 करोड़ में रिटेन किया था। उन्होंने आईपीएल 2025 में 14 मैचों में 196.25 की स्ट्राइक रेट से 524 रन बनाए थे। आईपीएल में उन्होंने अब तक 94 मैचों में 32.87 की औसत से 2,334 रन बनाए हैं। उनका ओवरऑल स्ट्राइक रेट 166.12 है। लेकिन इस सीजन पूरन का बल्ला अभी तक पूरी तरह से खामोश रहा है। एलएसजी आईपीएल 2026 में बेहतर करे, इसके लिए पूरन का फॉर्म में लौटना जरूरी है।
यह भी पढ़ें
RCB vs LSG मैच से आई बुरी खबर, कप्तान ऋषभ पंत चोटिल होकर मैदान से गए बाहर
रोहित शर्मा को रिप्लेस कर सकते हैं ये 3 खिलाड़ी, अब किसे मिलेगा प्लेइंग XI में मौका