1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ODI World Cup 2027: डायरेक्ट क्वालीफिकेशन के लिए बांग्लादेश ने चली चाल, दो बार के चैंपियन पर बाहर होने का खतरा

ODI World Cup 2027: डायरेक्ट क्वालीफिकेशन के लिए बांग्लादेश ने चली चाल, दो बार के चैंपियन पर बाहर होने का खतरा

 Published : Mar 31, 2026 09:52 am IST,  Updated : Mar 31, 2026 09:52 am IST

वनडे विश्व कप का अगला संस्करण साल 2027 में होगा। इसके लिए अभी से तैयारी शुरू हो चुकी है। बांग्लादेश क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड से वनडे सीरीज खेलेगी, इसके लिए टीम का ऐलान कर दिया गया है।

Bangladesh cricket team- India TV Hindi
बांग्लादेश क्रिकेट टीम Image Source : AP

वनडे विश्व कप अगले साल खेला जाएगा, लेकिन इससे पहले अभी से इसमें खेलने के लिए शह और मात का खेल शुरू हो चुकी है। वनडे विश्व कप 2027 में कौन सी टीमें खेलेंगी, ये अभी पूरी तरह से तय नहीं हुआ है। इस बीच दो से तीन टीमें ऐसी हैं, जिन पर बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। अब बांग्लादेश ने ऐसी चाल चल दी है, जिसके बारे में किसी ने सोचा नहीं था। बीसीबी यानी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के ऐसा करने से दो बार की चैंपियन टीम पर बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। चलिए ​आपको बताते हैं कि आखिर कुल मिलाकर चल क्या रहा है। 

साल 2027 में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा वनडे विश्व कप

आईसीसी की ओर से अगला विश्व कप यानी 2027 का सबसे बड़ा टूर्नामेंट साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में कराया जाएगा। इसमें साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे की टीमें पहले ही होस्ट होने के कारण क्वालीफाई कर गई हैं। नामीबिया चूंकि एसोसिएट मैंबर है, आईसीसीस का फुल मैंबर नहीं, इसलिए उसे क्वालीफायर राउंड खेलकर आना होगा। आईसीसी की वनडे रैंकिंग में जो भी टीमें टॉप 8 में होंगी, वो भी सीधे एंट्री कर जाएंगी। अब चूंकि साउथ अफ्रीका की टीम पहले से ही टॉप 8 में हैं और वो होस्ट होने के नाते क्वालीफाई कर गया है, इसलिए आईसीसी रैंकिंग में जो भी टॉप 9 टीमें होंगी, उनके लिए विश्व कप खेलने का रास्ता सीधा खुल जाएगा। 

बांग्लादेश और वेस्टइंडीज में आगे निकलने की होड़

मौजूदा आईसीसी रैंकिंंग की बात करें तो नंबर आठ पर इंग्लैंड की टीम है और नौवें स्थान पर बांग्लादेश है। वेस्टइंडीज की टीम दसवें स्थान पर है। अभी अगर आईसीसी तय करे कि रैंकिंग के आधार पर कौन कौन सी टीमें विश्व कप खेलेंगी तो उसमें बांग्लादेश का नाम आ जाएगा, वहीं वेस्टइंडीज की टीम बाहर हो जाएगी। हालांकि रैंकिंग के आधार पर कौन कौन सी टीमें विश्व कप खेलेंगी, इसका फैसला अगले साल मार्च में होगा। अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने एक नया खेल ​किया है। 

बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच खेली जाएगी वनडे सीरीज

दरअसल बांग्लादेश ​क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलने की तैयारी कर रही है। इस​के लिए न्यूजीलैंड की टीम बांग्लादेश का दौरा करेगी। इसका आगाज 17 अप्रैल से होने जा रहा है। न्यूजीलैंड ने इसके लिए अपनी टीम घोषित कर दी है। इस वक्त ज्यादातर बड़े खिलाड़ी आईपीएल खेल रहे हैं, इसलिए टॉम लैथम की कप्तानी में न्यूजीलैंड की बी टीम बांग्लादेश से वनडे सीरीज खेलेगी। अपने घर पर बांग्लादेश की टीम न्यूजीलैंड को वनडे सीरीज में हरा सकती है। 

बांग्लादेश की टीम जीती तो उसे आईसीसी रैंकिंग में होगा रेटिंग का फायदा

वैसे तो अभी सीरीज शुरू होने में थोड़ा वक्त है, लेकिन अगर बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को पीट दिया तो इससे उसे काफी फायदा होगा। आईसीसी की वनडे रैं​किंग में बांग्लादेश की रेटिंग अभी 79 की है। बांग्लादेश ने अगर न्यूजीलैंड को तीनों वनडे में करा दिया तो टीम रहेगी तो नौवें नंबर पर ही, लेकिन उसकी रेटिंग बढ़कर 85 की हो जाएगी। इतना ही नहीं अगर टीम ने तीन में से दो मैच भी जीत लिए तो उसकी रेटिंग बढ़कर 83 की हो जाएगी। यानी वेस्टइंडीज की रेटिंग 77 से काफी ज्यादा हो जाएगी। ऐसे में बांग्लादेश की टीम सीधे क्वालीफाई कर जाएगी और वेस्टइंडीज को क्वालीफायर खेलकर आना होगा। अगर टीम वहां भी हारी तो फिर विश्व कप से बाहर हो जाएगी। 

वेस्टइंडीज की टीम न्यूजीलैंड से जुलाई में खेलेगी वनडे सीरीज

वेस्टइंडीज की टीम अभी कोई वनडे सीरीज नहीं खेल रही है। टीम अब सीधे जुलाई में न्यूजीलैंड से वनडे सीरीज खेलेगी। अगर वहां टीम नहीं जीती तो फिर उसके लिए मुश्किलें और भी बढ़ती हुई नजर आएंगी। यानी बांग्लादेश और वेस्टइंडीज में से एक टीम का बाहर होना तो करीब करीब पक्का है। अगर वे क्वालीफायर खेलकर आ जाएं तो बात अलग है। वेस्टइंडीज ने पहले दो विश्व कप अपने नाम किए थे, तब क्लाइव लॉयड थे। इसके बाद टीम कोई विश्व कप नहीं जीत पाई है और अब तो टीम के विश्व कप खेलने पर भी सवाल उठने शुरू हो गए हैं। देखना होगा कि बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड सीरीज के दौरान क्या होता है, इसी से आगे की तस्वीर कुछ कुछ साफ होगी। 

यह भी पढ़ें 

CSK की हार का कौन है सबसे बड़ा विलेन, आउट होकर DRS भी किया बर्बाद

पीएसएल में एक और बवाल, सिकंदर रजा को होटल के अंदर लेकर गए शाहीन अफरीदी, ठोका मोटा जुर्माना

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल