1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ODI World Cup 2026 में सीधी एंट्री का मौका, जून में शुरू होगी सीरीज, हारे तो बाहर होगी टीम

ODI World Cup 2026 में सीधी एंट्री का मौका, जून में शुरू होगी सीरीज, हारे तो बाहर होगी टीम

 Published : May 14, 2026 02:02 pm IST,  Updated : May 14, 2026 02:02 pm IST

वनडे विश्व कप 2027 अब ज्यादा दूर नहीं है। इसकी तैयारी शुरू हो चुकी है। सभी टीमों की नजर आईसीसी रैंकिंग पर है, क्योंकि इससे टॉप टीमों को डायरेक्ट एंट्री मिल जाएगी। हालांकि कुछ टीमें पीछे रह गई हैं।

odi world cup- India TV Hindi
वनडे विश्व कप Image Source : AFP

वनडे विश्व कप अगले साल खेला जाएगा, लेकिन इसकी बिसात अभी से बिछाई जाने लगी है। जो टीमें सीधे इस विश्व कप में खेलेंगी, इसका फैसला आईसीसी की वनडे रैंकिंग से होगा। इसमें जो टीमें इस वक्त इसमें नीचे चल रही हैं, उनके पास मौका है कि वे अपने मैच जीतकर अपनी रैंकिंग में सुधार करें और जगह पक्की करें। इस बीच जून में क्रिकेट का नया रोमांच शुरू होने जा रहा है। श्रीलंका की टीम वेस्टइंडीज के दौरे पर जाएगी, जहां तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। वेस्टइंडीज का मामला इस वक्त गड़बड़ चल रहा है। हो सकता है टीम को डायरेक्ट एंट्री ना मिल पाए। 

आईसीसी वनडे रैंकिंग से टीमों को मिलेगी सीधे एंट्री

आईसीसी वनडे रैंकिंग आने वाले वक्त में टीमों के लिए क्यों अहम है, ये बात पहले समझ लीजिए। दरअसल आईसीसी ने तय किया है कि अगले साल होने वाले विश्व कप के लिए 8 टीमें आईसीसी रैंकिंग से आएंगी। इसके लिए कटऑफ डेट 31 मार्च 2027 रखी गई है। टीम की पहली कोशिश यही होती है कि आईसीसी रैंकिंग में अच्छा करते हुए विश्व कप में अपनी जगह पक्की की जाए। ऐसा ना होने पर उन्हें क्वालीफायर खेलना होता है, जो एक मुश्किल रास्ता है। 

साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा वनडे विश्व कप

अगले साल का विश्व कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में हो रहा है। साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे मेजबान होने के नाते पहले ही इस टूर्नामेंट में जगह पक्की कर ली है, लेकिन नामीबिया को क्वालीफायर खेलकर आना होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि नामीबिया की टीम एसोसिएट नेशन है और फुल मैंबर नहीं है। साउथ अफ्रीका की टीम अभी आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर 4 पर है। लेकिन वो चूंकि मेजबान होने के नाते पहले ही क्वालीफाई हो चुका है, इसलिए एक और टीम को मौका दिया जाएगा। इसका मतलब ये हुआ कि आईसीसी रैंकिंग में जो टॉप 9 टीमें होंगी, वे सीधे चली जाएगी। 

आईसीसी वनडे रैंकिंग में वेस्टइंडीज की टीम अभी दसवें स्थान पर

वेस्टइंडीज की टीम यहां चूक रही है। वेस्टइंडीज आईसीसी वनडे रैंकिंग में अभी दसवें नंबर पर है और उसकी रेटिंग 74 की है। बांग्लादेश की टीम 84 की रेटिंग के साथ नंबर 9 पर है। यानी अगर आज आईसीसी को लिस्ट फाइनल करना हो ता बांग्लादेश की टीम क्वालीफाई कर जाएगी, वहीं वेस्टइंडीज की टीम रह जाएगी। ऐसे में अगर वेस्टइंडीज को टॉप 9 में आना है तो उसके लिए उसे मैच जीतने होंगे। 

वेस्टइंडीज बनाम श्रीलंका सीरीज का ये है शेड्यूल

श्रीलंका की टीम वेस्टइंडीज के दौरे पर जा रही है। जहां तीन वनडे मैच होंगे। इसका पहला मुकाबला 3 जून को जमैका में खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला 6 जून को होगा। सीरीज का तीसरा मुकाबला आठ जून को खेला जाएगा। विंडीज की टीम अगर ये तीनों मैच जीत जाएगी तो उसके अंक ​बढ़ेंगे, इससे उनके आगे जाने के चांस होंगे। श्रीलंकाई टीम अभी छठे नंबर पर है। वो टीम शायद सीधे एंट्री कर जाए। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में जो भी वनडे मैच होंगे, वो काफी रोचक होंगे। 

यह भी पढ़ें 

PBKS vs MI: कौन जीतेगा आज का मैच, मुंबई कर सकती है पंजाब का खेल खराब, दांव पर प्लेऑफ

PBKS Playoff Qualification Scenario: पंजाब किंग्स अब कैसे करेगी प्लेऑफ में एंट्री, बन रहे हैं ऐसे समीकरण

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल