साल 2024 में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन वेस्टइंडीज और अमेरिका की मेजबानी में किया गया था, जिसे भारतीय टीम ने अपने नाम किया था। वहीं इस टूर्नामेंट में ओमान की टीम ने भी हिस्सा लिया था, जिनका सफर ग्रुप स्टेज के मुकाबलों के साथ खत्म हो गया था। आईसीसी की तरफ से टूर्नामेंट का आगाज होने से पहले ही 13 से 20 नंबर तक की पोजीशन पर रहने वाली टीमों के लिए करीब एक करोड़ 92 लाख रुपए प्राइज मनी देने का ऐलान किया गया था। अब लगभग एक साल बीतने के बाद भी ओमान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से वर्ल्ड कप स्क्वाड के किसी भी एक प्लेयर को प्राइज मनी नहीं दी गई है।
देश छोड़ने को मजबूर हुए खिलाड़ी
ओमान की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2024 में ग्रुप-बी का हिस्सा थी जिसके बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीम के खिलाफ मुकाबला खेलने का मौका मिला था। ओमान ने अपने ग्रुप के सभी चार मुकाबलों में हार का सामना किया था। वहीं अब बोर्ड की तरफ से प्राइज मनी नहीं मिलने को लेकर वर्ल्ड कप स्क्वाड का हिस्सा कश्यप प्रजापति ने ईएसपीएन क्रिकइंफो को दिए अपने बयान में कहा कि बोर्ड के साथ वेतन विवाद के बाद हमारे अनुबंध को तोड़ दिया गया और हमें देश छोड़ने के लिए मजबूर किया गया। इस घटना ने हमारे जीवन को उलट दिया है। हम ओमान से बाहर भविष्य को सुरक्षित करने की तलाश में हैं। हम यह नहीं समझ पा रहे हैं कि ICC यह सुनिश्चित करने में सक्षम क्यों नहीं है कि हमें वह प्राइज मनी मिले जिसके हम हकदार हैं।
आईसीसी के नियम के अनुसार 21 दिन के अंदर प्लेयर्स को देनी होती है प्राइज मनी
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के किसी भी इवेंट में टीमों को मिलने वाली प्राइज मनी उनके क्रिकेट बोर्ड को 21 दिनों के अंदर अपने प्लेयर्स को देनी होती है। वहीं कश्यप प्रजापति ने ये भी बताया कि साल 2021 के टी20 वर्ल्ड कप की प्राइज मनी भी किसी प्लेयर को नहीं दी गई क्योंकि हमें इसके बारे में पता ही नहीं था। हमने जब प्राइज मनी का भुगतान नहीं होने तक खेलने से मना कर दिया तो उसके बाद बोर्ड ने पिछले साल अक्टूबर में टी20 इमर्जिंग टीम एशिया कप से ठीक पहले पूरी टीम बदल दी थी।
ये भी पढ़ें
टीम इंडिया के लिए एक अंग्रेज बल्लेबाज सबसे बड़ा खतरा, लगा देता है सेंचुरी की लाइन
विश्व कप 2011 का खिताब जीतने वाले खिलाड़ी ने किया संन्यास का ऐलान, 36 की उम्र में करियर पर लगा विराम