1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Orange Cap की रेस में वैभव सूर्यवंशी से आगे निकले शुभमन गिल, विदेशी गेंदबाज का पर्पल कैप पर कब्जा

Orange Cap की रेस में वैभव सूर्यवंशी से आगे निकले शुभमन गिल, विदेशी गेंदबाज का पर्पल कैप पर कब्जा

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 10, 2026 07:39 am IST,  Updated : May 10, 2026 07:39 am IST

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 44 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेलकर IPL 2026 की ऑरेंज कैप की रेस में चौथे स्थान पर जगह बना ली है।

Orange Cap & Purple Cap- India TV Hindi
वैभव सूर्यवंशी, कगिसो रबाडा और शुभमन गिल Image Source : AFP

IPL 2026, Orange and Purple Cap: IPL 2026 में मैच दर मैच पॉइंट्स टेबल में टॉप-4 की टीमों में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। कुछ ऐसा ही हाल ऑरेंज और पर्पल कैप की रेस का भी चल रहा है। राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए हाईस्कोरिंग मुकाबले ने इस सीजन के टॉप रन स्कोरर और टॉप विकेट टेकर की रेस को और ज्यादा रोमांचक बना दिया है। एक तरफ गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने तूफानी पारी खेलकर ऑरेंज कैप की दौड़ में लंबी छलांग लगाई, तो दूसरी ओर साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने 3 भारतीय गेंदबाजों को पछाड़ते हुए पर्पल कैप पर कब्जा जमा लिया।

गिल ने लगाई लंबी छलांग

गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 229/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें शुभमन गिल ने सिर्फ 44 गेंदों में 84 रन की कप्तानी पारी खेली। उनके साथ सलामी बल्लेबाज बी साई सुदर्शन ने 36 गेंदों पर 55 रन बनाए। इस धमाकेदार प्रदर्शन के बाद गिल ऑरेंज कैप की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे सिर्फ हेनरिक क्लासेन, अभिषेक शर्मा और केएल राहुल हैं।

वहीं राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने 16 गेंदों में 36 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इस पारी के बाद उनके सीजन में 440 रन हो गए हैं। हालांकि, गिल युवा वैभव से आगे निकल गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि साई सुदर्शन के भी 440 ही रन हैं, लेकिन वैभव का स्ट्राइक रेट 236.55 होने के कारण वह उनसे आगे बने हुए हैं। सुदर्शन का स्ट्राइक रेट 157.70 है।

IPL 2026 में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

  • हेनरिक क्लासेन - 494
  • अभिषेक शर्मा - 475
  • केएल राहुल - 468 
  • शुभमन गिल - 462
  • वैभव सूर्यवंशी - 440
  • साई सुदर्शन - 440

रबाडा बने नंबर-1

अगर पर्पल कैप की बात करें तो कगिसो रबाडा ने दो विकेट लेते ही बाजी मार ली। अब उनके नाम 18 विकेट हो चुके हैं और वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। रबाडा इससे पहले 2020 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए पर्पल कैप जीत चुके हैं, जब उन्होंने पूरे सीजन में 30 विकेट झटके थे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के भुवनेश्वर कुमार और चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज 17-17 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के प्रिंस यादव और सनराइजर्स हैदराबाद के ईशान मलिंगा 16 विकेट के साथ पीछे चल रहे हैं।

गुजरात टाइटंस के स्टार स्पिनर राशिद खान ने भी राजस्थान के खिलाफ चार विकेट लेकर बड़ी छलांग लगाई। राशिद अब 15 विकेट के साथ छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। IPL 2026 में जैसे-जैसे मैचों के नतीजे आ रहे हैं, वैसे-वैसे ऑरेंज और पर्पल कैप की रेस भी बेहद दिलचस्प होती जा रही है। आने वाले मुकाबलों में यह तस्वीर और बदल सकती है।

IPL 2026 में अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज

  • कगिसो रबाडा - 18
  • भुवनेश्वर कुमार - 17
  • अंशुल कंबोज -17
  • प्रिंस यादव - 16
  • ईशान मलिंगा - 16
  • राशिद खान - 15
  • जोफ्रा आर्चर - 15

यह भी पढ़ें:

18 साल के गेंदबाज का डेब्यू मैच में बड़ा करिश्मा, 120 साल बाद देखने को मिला ऐतिहासिक कारनामा

जोफ्रा आर्चर ने नो-बॉल और वाइड की लगाई ऐसी झड़ी, IPL इतिहास में बन गया अजीबोगरीब रिकॉर्ड

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल