18 साल की उम्र में जहां ज्यादातर खिलाड़ी अपने करियर की शुरुआत करने का सपना देखते हैं, वहीं ग्लेमोर्गन के युवा तेज गेंदबाज टॉम नॉर्टन ने अपने डेब्यू मैच में ही ऐसा कारनामा कर दिया, जिसने 120 साल पुराना इतिहास दोहरा दिया। सोफिया गार्डन्स में समरसेट के खिलाफ फर्स्ट क्लास डेब्यू करते हुए इस युवा गेंदबाज ने हैट्रिक लेकर क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी। टॉम नॉर्टन अब 1925 के बाद फर्स्ट क्लास डेब्यू में हैट्रिक लेने वाले पहले इंग्लिश गेंदबाज बन गए हैं, जबकि काउंटी चैंपियनशिप में 120 साल के बाद ऐसा करने वाले पहले गेंदबाज हैं। इससे पहले काउंटी चैंपियनशिप में साल 1906 में ऐसा देखने को मिला था।
डेब्यू मैच में रचा इतिहास
ग्लेमोर्गन और समरसेट के बीच खेले जा रहे मुकाबले के दूसरे दिन कुल 17 विकेट गिरे, लेकिन दिन का सबसे बड़ा आकर्षण टॉम नॉर्टन की घातक गेंदबाजी रही। 18 साल के इस गेंदबाज ने समरसेट की दूसरी पारी में कहर बरपाते हुए 22 रन देकर 4 विकेट झटके। उन्होंने सबसे पहले जेम्स रियू को 13 गेंदों पर बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। इसके बाद टॉम लैमनबी को स्लिप में कैच कराया और फिर आर्ची वॉन को LBW आउट कर अपनी ऐतिहासिक हैट्रिक पूरी की। इस हैट्रिक के साथ नॉर्टन ग्लेमोर्गनके लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए। इस तरह युवा गेंदबाज ने अपने डेब्यू को यादगार बना दिया और पूरे इंग्लिश घरेलू क्रिकेट में चर्चा का विषय बन गए।
नॉर्टन की घातक गेंदबाजी ने पलटा मैच
मैच की बात करें तो समरसेट ने पहली पारी में 354 रन बनाए थे। टीम के लिए टॉम एबेल ने 86 और थॉमस ने 71 रन की पारी खेली। जवाब में ग्लेमोर्गन की टीम 229 रन पर सिमट गई। बेन केलावे ने 59 रन बनाए, जबकि समरसेट के लिए मिगाएल प्रिटोरियस ने 3 विकेट लिए। पहली पारी में 125 रन की बढ़त लेने के बाद समरसेट मजबूत स्थिति में दिख रहा था, लेकिन नॉर्टन के तूफानी स्पेल ने मैच का पूरा रंग बदल दिया।
समरसेट की दूसरी पारी में रयान हैडली ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए दो विकेट झटके। नॉर्टन और हैडली की जोड़ी ने समरसेट के टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया और टीम का स्कोर 32/6 कर दिया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक समरसेट की बढ़त 157 रन की हो चुकी थी, लेकिन उसके सिर्फ चार विकेट ही बाकी थे। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद टॉम नॉर्टन का नाम इंग्लिश क्रिकेट रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गया है। इतनी कम उम्र में डेब्यू मैच में हैट्रिक लेना इस बात का संकेत है कि इंग्लैंड क्रिकेट को एक और शानदार तेज गेंदबाज मिल सकता है।
यह भी पढ़ें:
जोफ्रा आर्चर ने नो-बॉल और वाइड की लगाई ऐसी झड़ी, IPL इतिहास में बन गया अजीबोगरीब रिकॉर्ड
IPL Points Table: गुजरात टाइटंस की जीत से मच गई खलबली, टॉप-4 की पोजीशन में हुआ बड़ा बदलाव