आईपीएल के सीजन जहां एक ओर टीमों के बीच एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ लगी है, वहीं बल्लेबाजों के बीच भी जंग हो रही है। यही वजह है कि ऑरेंज कैप की रेस अब और भी दिलचस्प होती जा रही है। इस साल टॉप 5 सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में चार भारतीय हैं। हां, ये बात अलग है कि पहले नंबर पर साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज ने कब्जा जमा रखा है, लेकिन रनों का अंतर बहुत ज्यादा नहीं है।
एसआरएच के हेनरिक क्लसेस ने बनाए सबसे ज्यादा रन
इस साल आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज सनराइसर्ज हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन हैं। क्लासेन अब तक 6 मैच खेलकर 283 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। उन्होंने 47.17 के औसत और 144.39 के स्ट्राइक रेट से ये रन बनाए हैं। उनके नाम 19 चौके और 10 छक्के हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर शुभमन गिल का आता है। गिल ने अब तक चार ही मैच खेलकर 251 रन बनाने का काम किया है। यानी गिल रनों के मामले में क्लासेन से ज्यादा पीछे नहीं हैं। साथ ही मैच भी दो कम खेले हैं। जब तक गिल के छह मैच होंगे, उम्मीद है वे आगे निकल जाएंगे।
विराट कोहली तीसरे और वैभव सूर्यवंशी नंबर चार पर
सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में विराट कोहली तीसरे नंबर पर आते हैं। कोहली ने अब तक 6 मैच इस साल के आईपीएल में खेलकर 247 रन बना लिए हैं। उनका औसत 49.40 का है और वे 157.32 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। इस लिस्ट में चौथा नाम वैभव सूर्यवंशी का है। वे छह मैच खेलकर 246 रन बना चुके हैं। यानी विराट कोहली से केवल एक रन कम है। वैभव ने अब तक 41.00 के औसत और 236.54 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। वैभव ने 24 चौके और 20 छक्के लगाए हैं।
रजत पाटीदार का नाम भी टॉप 5 में शामिल
टॉप 5 बल्लेबाजों आखिरी नाम रजत पाटीदार का है, जो आरसीबी के कप्तान भी हैं। रजत पाटीदार ने 230 रन अपने खाते में डाल लिए हैं। उन्होंने 46.00 के औसत और 212.96 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। रजत ने 12 चौके और 22 छक्के लगाए हैं, जो वैभव सूर्यवंशी से भी ज्यादा हैं। आने वाले दिनों में जब मैच होंगे तो इस लिस्ट में भी फेरबदल होंगे। देखना होगा कि आखिर में कौन सा खिलाड़ी बाजी मारता है।
यह भी पढ़ें
IPL Points Table: दो दिन डबल हेडर के बाद अंक तालिका में भयंकर उलटफेर, ये हैं टॉप 4 टीमें
LSG को 21 करोड़ रुपये का खिलाड़ी लगा रहा लगातार चूना, 6 पारियों में 10 से भी कम का औसत