Pakistan vs Namibia T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की टीम ने नामीबिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले को 102 रनों से अपने नाम करने के साथ सुपर-8 के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है, जिसके साथ ही अगले दौर की सभी टीमें भी तय हो गई हैं। पाकिस्तान ने अहम मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था, जिसमें पाकिस्तान ने अपनी टीम में 2 बदलाव किए थे। अबरार अहमद और शाहीन शाह अफरीदी आज प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं थे। इनकी जगह सलमान मिर्जा और ख्वाजा नफे को मौका दिया गया है। पाकिस्तान की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में तीन विकेट के नुकसान पर 199 रनों का स्कोर बनाया था। पाकिस्तान की तरफ से साहिबजादा फरहान ने 100 रन तो वहीं शादाब खान के बल्ले से नाबाद 36 रनों की पारी देखने को मिली। इसके अलावा पाकिस्तानी टीम के कप्तान सलमान आगा के बल्ले से 38 रनों की पारी देखने को मिली। नामीबिया की तरफ से गेंदबाजी में जैक ब्रासेल ने 2 जबकि कप्तान गेरहार्ड इरास्मस एक विकेट लेने में कामयाब रहे।
नामीबिया की टीम टारगेट का पीछा करते समय पूरी तरह से दबाव में दिखी जिसमें लगातार अंतराल में उनके विकेट गिरने का सिलसिला देखने को मिला। इस मैच में नामीबिया की टीम 17.3 ओवर्स में सिर्फ 97 रन बनाकर सिमट गई, जिसमें उनकी तरफ से सबसे ज्यादा लोरेन स्टीनकैंप ने 23 रनों की पारी खेली। वहीं पाकिस्तान की तरफ से गेंदबाजी में उस्मान तारिक ने सबसे ज्यादा 4 विकेट हासिल किए, इसके अलावा शादाब खान ने 3 विकेट तो वहीं सलमान मिर्जा और मोहम्मद नवाज 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे। अब सुपर-8 में पाकिस्तान की टीम अपना पहला मुकाबला 21 फरवरी को न्यूजीलैंड की टीम के खिलाफ कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेलेगी।
पाकिस्तान और नामीबिया की प्लेइंग 11
नामीबिया की प्लेइंग XI: लोरेन स्टीनकैंप, जान फ्रिलिंक, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), अलेक्जेंडर वोल्शेंक, जेजे स्मिट, जेन ग्रीन (विकेट कीपर), रूबेन ट्रम्पेलमैन, विलेम मायबर्ग, बर्नार्ड शोल्ट्ज, जैक ब्रासेल।पाकिस्तान की प्लेइंग XI: साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेट कीपर), ख्वाजा नफे, शादाब खान, मोहम्मद नवाज़, फहीम अशरफ, सलमान मिर्जा, उस्मान तारिक।