पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला शुरू हो चुका है। पहला टेस्ट पहले ही हार चुकी पाकिस्तान क्रिकेट टीम दूसरे टेस्ट में भी मुश्किल में नजर आ रही है। पहले दिन हालांकि बारिश के कारण पूरा खेल नहीं हो पाया, लेकिन वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छा स्कोर खड़ा कर दिया है। सीरीज के पिछले मैच में गेंदबाजी से पाकिस्तान के लिए मुश्किल खड़ी करने वाले जस्टिन ग्रीव्स ने इस मैच में बल्लेबाजी से विरोधी टीम की मुसीबत बढ़ा दी है। पाकिस्तान के लिए दिक्कत की बात ये भी है कि शान मसूद इस मैच से बाहर हैं।
वेस्टइंडीज ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट पर बनाए 239 रन
वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत दूसरा मुकाबला चल रहा है। पहले दिन बारिश ने मैच में खलल डाला, इसलिए केवल 74 ओवर ही फेंके जा सके। इस दौरान वेस्टइंडीज ने 5 विकेट के नुकसान पर 239 रन बना लिए हैं। जब दिन का खेल खत्म हुआ, तब जस्टिन ग्रीव्स 64 और कप्तान रोस्टन चेज 36 रन बनाकर खेल रहे थे। सीरीज के पहले मैच में जस्टिन ग्रीव्स ही वो खिलाड़ी थे, जिन्होंने गेंदबाजी से पाकिस्तान के होश फाख्ता कर दिए थे, इस मैच में अभी उनकी गेंदबाजी तो नहीं आई है, लेकिन इतना जरूर है कि वे इस वक्त अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और नाबाद हैं।
जस्टिन ग्रीव्स ने पहले मैच में गेंदबाजी से किया था कमाल
जस्टिन ग्रीव्स ने सीरीज के पहले मैच की पहली पारी में 11 ओवर में 27 रन देकर 5 विकेट लिए थे। ये पांच विकेट उन्होंने लगातार अपने पांच ओवर में झटके थे और इस दौरान एक भी रन खर्च नहीं किया था। यही वजह रही कि पाकिस्तानी टीम केवल 282 रन पर ही आउट हो गए थे। मैच की दूसरी पारी में भी ग्रीव्स ने 5 ओवर फेंककर 2 विकेट अपने नाम किए थे। पहला मैच पाकिस्तानी टीम 90 रन से हार गई थी।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में आखिरी पायदान पर
सीरीज के मुकाबले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेले जा रहे हैं, जिसकी अंक तालिका में पाकिस्तानी टीम फिलहाल आखिरी पायदान पर है। पिछला मैच हारकर उसे काफी नुकसान हुआ था, अब अगर ये मैच भी हाथ से गया तो उसका पीसीटी और कम हो जाएगा। अब देखना होगा कि बचे हुए चार दिन तक कौन सी टीम किस तरह का प्रदर्शन करती हैं।
यह भी पढ़ें
श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम में बड़ा बदलाव, BCCI ने किया जसप्रीत बुमराह के रिप्लेसमेंट का ऐलान
धोनी नहीं बल्कि आशीष नेहरा को मोईन अली ने बताया क्रिकेट का सबसे तेज दिमाग, तारीफ में कह दी बड़ी बात