1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आईसीसी रैंकिंग में पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर संकट, और भी नीचे जाने का गहराया संकट

आईसीसी रैंकिंग में पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर संकट, और भी नीचे जाने का गहराया संकट

 Published : Aug 18, 2025 06:24 pm IST,  Updated : Aug 18, 2025 06:24 pm IST

ICC Rankings: आईसीसी की वनडे रैंकिंग में फिर से बदलाव होने की संभावना है। ये परिवर्तन ऑस्ट्रेलिया बनाम साउथ अफ्रीका सीरीज के बाद होगा।

mohammad rizwan- India TV Hindi
मोहम्मद रिजवान Image Source : GETTY

ICC ODI Rankings: चैंपियंस ट्रॉफी के बाद कुछ टीमें अब वनडे के लिए मैदान में उतरने की तैयारी कर रही हैं। इसके साथ ही आईसीसी की वनडे टीम रैंकिंग में भी बदलाव होने की संभावना है। खास बात ये है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर इस वक्त संकट के बादल गहरा गए हैं। पाकिस्तानी टीम अभी कोई वनडे खेल तो नहीं रही है, लेकिन दूसरी टीमों के बीच जो सीरीज होगी, उसका असर सीधे तौर पर पाकिस्तान की रैंकिंग पर पड़ेगा। 

आईसीसी की वनडे रैंकिंग में इस वक्त टीम इंडिया पहले नंबर पर

अभी वनडे की टीम रैंकिंग की बात करें तो भारतीय टीम पहले नंबर पर काबिज है, उसकी रेटिंग 124 की है। न्यूजीलैंड की टीम 109 की रेटिंग के साथ दूसरे और ऑस्ट्रेलिया भी 109 की रेटिंग के साथ नंबर तीन पर है। श्रीलंका की टीम नंबर चार पर है, उसकी रेटिग 103 की है। इस वक्त पाकिस्तान की टीम की रेटिंग 100 है और टीम नंबर 5 पर है। साउथ अफ्रीका की टीम 96 की रेटिंग के साथ नंबर 6 पर है। 

ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज से होगा बदलाव

चलिए अब समझते हैं पूरा खेल आखिर क्या है। दरअसल ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का आगाज होने जा रहा है। अगर तीन के तीन मैच साउथ अफ्रीका की टीम ने अपने नाम कर लिए तो पाकिस्तान की नंबर 5 की कुर्सी छिन जाएगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के तीन मैच जीतते ही साउथ अफ्रीका की रेटिंग बढ़कर 101 की हो जाएगी, जो पाकिस्तान की 100 की रेटिंग से ज्यादा है। लेकिन अगर साउथ अफ्रीका ने सीरीज के दो ही मैच जीते तो पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका की रेटिंग बराबर 100 की ही रहेगी। यानी पाकिस्तानी टीम आने वाले वक्त में रैंकिंग में कहां पर रहेगी, इसका फैसला साउथ अफ्रीका की हार और जीत से होगा। 

अगर ऑस्ट्रेलिया ने जीत लिए तीन मैच तो न्यूजीलैंड को नुकसान

अब जरा दूसरे पहलू पर नजर डालते हैं। अगर सीरीज के तीन के तीन मैच ऑस्ट्रेलियाई टीम जीत जाती है तो पाकिस्तान की सेहत पर कोई भी असर नहीं पड़ेगा, टीम नंबर पांच पर ही बनेगी, लेकिन इससे सीधे तौर पर न्यूजीलैंड को नुकसान होगा, जो अभी नंबर दो पर है। तीन लगातार मैच जीतते ही ऑस्ट्रेलिया की रेटिंग 112 की हो जाएगी, वहीं न्यूजीलैंड की रेटिंग 109 की रह जाएगी। यानी ऑस्ट्रेलिया का दूसरे नंबर पर कब्जा हो जाएगा, वहीं न्यूजीलैंड की टीम तीसरे नंबर पर चली जाएगी। 

सीरीज से टीम इंडिया की रैंकिंग में नहीं पड़ेगा कोई भी असर

इस बीच अच्छी और अहम बात ये है कि इस सीरीज यानी ऑस्ट्रेलिया बनाम साउथ अफ्रीका के मैचों से भारतीय टीम की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। कोई भी जीते और कोई भी हारे, भारत 124 की रेटिंग के साथ नंबर एक पर बनेगा। अभी जो हमने आपको समीकरण बताए हैं, वो तो आप समझ गए हों, लेकिन ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका जिस तरह की टीमें उससे ऐसा नहीं लगता कि कोई भी टीम किसी का भी पूरी तरह से सूपड़ा साफ कर पाएगी। ऐसे में सीरीज के बाद देखना दिलचस्प होगा रैंकिंग में क्या कुछ फेरबदल हुआ है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल