1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सुपर-8 में पहुंचने का पाकिस्तान के पास आखिरी रास्ता, कनाडा के खिलाफ कैसी होगी Playing 11?

सुपर-8 में पहुंचने का पाकिस्तान के पास आखिरी रास्ता, कनाडा के खिलाफ कैसी होगी Playing 11?

 Published : Jun 11, 2024 02:14 pm IST,  Updated : Jun 11, 2024 06:40 pm IST

Pakistan vs Canada: कनाडा और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2024 में मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच के लिए पाकिस्तानी टीम की प्लेइंग इलेवन में कई बड़े बदलाव हो सकते हैं।

Pakistan Cricket Team- India TV Hindi
Pakistan Cricket Team Image Source : GETTY

Pakistan Cricket Team: बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तानी टीम टी20 वर्ल्ड कप 2024 में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। टीम को अपने शुरुआती दोनों मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी है। पाकिस्तान को पहले मैच में अमेरिका से सुपर ओवर में हार मिली थी। इसके बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 6 रनों से पटखनी दी। अब पाकिस्तानी टीम 11 जून को कनाडा के खिलाफ मुकाबला खेलेगी। सुपर-8 में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को ये मैच हर हाल में जीतना होगा। आइए जानते हैं,इस मैच के लिए कैसी हो सकती है पाकिस्तानी टीम की प्लेइंग इलेवन? 

इन प्लेयर्स को मिल सकती है ओपनिंग की जिम्मेदारी

कनाडा के खिलाफ मैच के लिए पाकिस्तानी टीम की प्लेइंग इलेवन में बदलाव हो सकते हैं। इसके लिए टीम में ओपनिंग के लिए फखर जमां को मोहम्मद रिजवान के साथ उतारा जा सकता है। फखर विस्फोटक बैटिंग में माहिर हैं और चंद गेंदों में ही मैच का रुख बदलने में सक्षम हैं। वह तेज गति से रन बना सकते हैं। नंबर-3 पर कप्तान बाबर आजम उतर सकते हैं। बाबर पिछले कुछ समय से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उनके ऊपर अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव होगा। 

मिडिल ऑर्डर में हो सकता बदलाव 

पिछले कुछ समय से पाकिस्तानी टीम में मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं। चौथे नंबर पर उस्मान खान को एक और चांस मिल सकता है। पांचवें नंबर पर इफ्तिखार अहमद उतर सकते हैं। शादाब गेंदबाजी और बल्लेबाजी में खराब दौर से गुजर रहे हैं। ऐसे में उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर किया जा सकता है। उनकी जगह प्लेइंग इलेवन में आजम खान को दोबारा जगह मिल सकती है। ऑलराउंडर के तौर पर इमाद वसीम को चांस मिल सकता है। 

भारत के खिलाफ मैच में पाकिस्तानी गेंदबाजों ने अच्छा खेल दिखाया था और टीम इंडिया को 119 रन ही बनाने दिए थे। ऐसे में कनाडा के खिलाफ मैच के लिए टीम में मोहम्मद आमिर, शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ को चांस मिल सकता है। ये खिलाड़ी टी20 क्रिकेट के बड़े महारथी हैं और चंद गेंदों में ही मैच का रुख बदलने में माहिर हैं। 

कनाडा के खिलाफ पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग इलेवन: 

बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान, फखर जमां, उस्मान खान, आजम खान, इफ्तिखार अहमद, इमाद वसीम, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, हारिस रऊफ और मोहम्मद आमिर। 

यह भी पढ़ें

PAK vs CAN: न्यूयॉर्क में बल्लेबाज करेंगे रनों की बरसात या गेंदबाज बरपाएंगे कहर, जानिए किसे हो सकता है फायदा

ग्रुप A से कौन सी टीम करेगी T20 वर्ल्ड कप 2024 के सुपर 8 में एंट्री, इन 2 टीमें का दावा सबसे मजबूत 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल