1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Pakistan Cricket : PCB के चीफ सेलेक्टर ने क्यों लिया टीम इंडिया का नाम, जानिए

Pakistan Cricket : PCB के चीफ सेलेक्टर ने क्यों लिया टीम इंडिया का नाम, जानिए

 Published : Sep 19, 2022 06:20 pm IST,  Updated : Sep 19, 2022 06:20 pm IST

Pakistan Cricket : चीफ सेलेक्टर मोहम्मद वसीम ने कहा कि पाकिस्तानी टीम ने साल 2021 के विश्व कप में सेमीफाइनल तक अपनी जगह बनाई थी।

PCB- India TV Hindi
PCB Image Source : GETTY IMAGES

Highlights

  • टी20 विश्व कप 2022 के लिए चुनी गई है पाकिस्तानी क्रिकेट टीम
  • चीफ सेलेक्टर ने आलोचकों को शांत करने के लिए दिया बड़ा बयान
  • पाकिस्तान एशिया कप 2022 के फाइनल तक पहुंचा, लेकिन हारा

Pakistan Cricket : पाकिस्तानी टीम का ऐलान टी20 विश्व कप 2022 के लिए हो गया है। इस बीच पाकिस्तान के ही पूर्व खिलाड़ी टीम के सेलेक्शन को लेकर आलोचना कर रहे हैं। चाहें वे शोएब अख्तर हों या फिर दानिश कनेरिया। सभी टीम के चयन को लेकर आलोचना कर रहे हैं। इतना ही नहीं पाकिस्तान के खिलाड़ी मोहम्मद आमिर ने भी अपनी टिप्पणी टीम के सेलेक्शन को लेकर कर दी है। पाकिस्तानी टीम एशिया कप 2022 के फाइनल तक तो पहुंची, लेकिन फाइनल में उसे श्रीलंका ने बुरी तरह से हराया और पाकिस्तान का खिताब जीतने का सपना भी अधूरा रह गया। इस बीच पाकिस्तानी टीम के चीफ सेलेक्टर मोहम्मद वसीम को भी कई पूर्व खिलाड़ियों ने निशाने पर लिया है। अब चीफ सेलेक्टर मोहम्मद वसीम ने अपनी बात रखी है और टीम इंडिया के प्रदर्शन को भी इसमें शामिल कर लिया। 

पीसीबी के चीफ सेलेक्टर मोहम्मद वसीम ने कही ये बात 

टी20 विश्व कप 2022 के लिए पाकिस्तानी टीम का सेलेक्शन करने के बाद चीफ सेलेक्टर मोहम्मद वसीम ने कहा कि पाकिस्तानी टीम ने साल 2021 के विश्व कप में सेमीफाइनल तक अपनी जगह बनाई थी। उन्होंने ये भी कहा कि टी20 विश्व कप 2021 में पाकिस्तान ने टीम इंडिया को भी हराया था। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी टीम ने एशिया कप 2022 के फाइनल तक का सफर तय किया। उन्होंने कहा कि एशिया कप 2022 के पहले मैच में पाकिस्तानी टीम भारतीय टीम से हार गई थी, लेकिन एक ही हफ्ते बाद पाकिस्तानी टीम ने टीम इंडिया को हरा दिया। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया अरबों डॉलर की टीम है। लेकिन हमने पिछले साल के साथ साथ इस साल भी एशिया कप में दिखाया कि ये टीम जीतने में सक्षम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वे उम्मीद रखते हैं कि आगे भी ये टीम फैंस को खुशी देना जारी रखेगी। मोहम्मद वसीम ने कहा कि मुझे लगता है कि आपको पॉजिटिव चीजों पर भी ध्यान देना चाहिए। हमने पिछले साल टी20 विश्व कप का सेमीफाइनल और इस साल एशिया कप का फाइनल खेला है। इसलिए खराब प्रदर्शन के आधार पर टीम को बाहर कर देना ठीक नहीं होगा। 

एशिया कप और टी20 विश्व कप के लिए करीब करीब एक जैसी टीम 
बता दें कि टी20 विश्व कप 2022 के लिए भी करीब करीब वही पाकिस्तानी टीम चुनी गई है, जो एशिया कप 2022 में खेली थी। टीम में कुछएक फेरबदल ही किए गए हैं, बाकी टीम वैसी ही है। पाकिस्तानी टीम इस वक्त अपने खिलाड़ियों की चोटों से भी जूझ रही है। तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी और फखर जमा चोटिल हैं। इतना ही नहीं बीच बीच में मोहम्मद रिजवान भी चोटिल हो जाते हैं। देखना होगा कि एशिया कप 2022 के फाइनल में पहुंचने वाली पाकिस्तानी टीम टी20 विश्व कप में क्या कुछ कर पाती है। टी20 विश्व कप 2022 में भारत और पाकिस्तान के बीच पहला ही मैच खेला जाएगा। ये मैच 23 अक्टूबर को खेला जाएगा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल