हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 में बॉल टैंपरिंग का मामला देखने को मिला। पाकिस्तान के स्टार ओपनर फखर जमां पर बॉल टैंपरिंग करने का आरोप लगा, जिसके बाद PCB ने कड़ा एक्शन लेते हुए उन पर 2 मैच का बैन लगाया। जहां एक तरफ उन पर दो मैचों का बैन लगा, वहीं दूसरी ओर उनके T20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने की खबरें भी तेजी से फैल रही थीं। अब खुद फखर ने इन अटकलों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
फखर ने बदला अपना मूड
पाकिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज फखर जमां ने साफ कर दिया है कि उनका फिलहाल T20I क्रिकेट से संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह जरूर माना कि T20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद वह इस फॉर्मेट को अलविदा कहने का मन बना चुके थे, लेकिन अब उन्होंने अपना फैसला बदल लिया है।
फखर ने जियो न्यूज से बातचीत में कहा कि वर्ल्ड कप के बाद उन्होंने T20 क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला कर लिया था। हालांकि, अब उनका संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है और वह अपने T20 करियर का समापन एक शानदार अंदाज में करना चाहते हैं। फखर जमां 35 साल के हो चुके हैं और उनकी गिनती पाकिस्तान के विस्फोटक बल्लेबाजों में होती है। उन्होंने अब तक 120 मैचों में 2494 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 132.51 का रहा है। इस दौरान उन्होंने 14 अर्धशतक भी जड़े हैं।
T20 वर्ल्ड कप में नहीं मिले ज्यादा मौके
हाल ही में खेले गए T20 वर्ल्ड कप में फखर को ज्यादातर मैचों में बेंच पर बैठना पड़ा, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ सुपर-8 के अहम मुकाबले में उन्हें मौका मिला। इस मैच में उन्होंने 42 गेंदों पर 84 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल थे। हालांकि, टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने में नाकाम रही।PSL में भी फखर जमां का रिकॉर्ड शानदार रहा है। लाहौर कलंदर्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 99 मैचों में 3018 रन बनाए हैं, जिसमें 24 अर्धशतक और 2 शतक शामिल हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बीच फखर जमान का यह बयान साफ करता है कि वह अभी क्रिकेट को अलविदा कहने के मूड में नहीं हैं और आने वाले समय में वह T20 क्रिकेट में और बेहतर प्रदर्शन करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे।
यह भी पढ़ें:
DC vs GT मैच में क्या खेलेंगे कप्तान शुभमन गिल? सलामी बल्लेबाज ने कर दिया साफ