1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पंजाब ने खत्म किया 10 साल का सूखा, श्रेयस अय्यर का अनोखा कारनामा, ऐसा करने वाले बने पहले कप्तान

पंजाब ने खत्म किया 10 साल का सूखा, श्रेयस अय्यर का अनोखा कारनामा, ऐसा करने वाले बने पहले कप्तान

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 19, 2025 07:06 am IST,  Updated : May 19, 2025 07:10 am IST

IPL 2025 के प्लेऑफ में तीन टीमें पहुंच गई हैं। गुजरात टाइटंस के अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स ने भी प्लेऑफ का टिकट हासिल कर लिया है।

Punjab Kings- India TV Hindi
पंजाब किंग्स Image Source : AP

गुजरात टाइटंस ने लोकेश राहुल के शतक पर पानी फेरते हुए 18 मई को अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स को 10 विकेट से रौंदकर न केवल पाइंट्स टेबल में टॉप पर कब्जा जमाया बल्कि प्लेऑफ के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। लगातार तीन जीत के साथ गुजरात टाइटंस के 12 मैच में 18 पाइंट हो गए हैं। गुजरात की जीत के साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स भी प्लेऑफ में पहुंच गई। दोनों टीमों के अब 12 मैच में 17-17 पाइंट हो गए हैं। 

इससे पहले पंजाब किंग्स की टीम राजस्थान रॉयल्स को 10 रन से हराकर प्लेऑफ के करीब पहुंच गई। इसके बाद गुजरात ने जैसे ही दिल्ली को हराया तो पंजाब ने प्लेऑफ का टिकट हासिल कर लिया। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब ने 10 साल बाद IPL प्लेऑफ में जगह बनाई। इससे पहले पंजाब की टीम साल 2014 में आखिरी बार प्लेऑफ में पहुंची थी। पंजाब अब तक सिर्फ 3 बार ही प्लेऑफ में पहुंची है। टीम ने पहली बार साल 2008 में प्लेऑफ तक का सफर तय किया था।

अय्यर के नाम हुआ अनोखा रिकॉर्ड

पंजाब किंग्स को प्लेऑफ में पहुंचाने के साथ ही कप्तान श्रेयस अय्यर ने कप्तानी में अनोखा रिकॉर्ड बना डाला। अय्यर प्लेऑफ में तीन अलग-अलग टीमों की अगुआई करने वाले पहले कप्तान बन गए हैं। IPL में इससे पहले ये बड़ा कारनामा कोई भी कप्तान नहीं कर पाया था। पंजाब से पहले अय्यर दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स को भी प्लेऑफ में पहुंचा चुके हैं। 

उन्होंने अपनी कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स को IPL 2020 के फाइनल तक पहुंचाया था लेकिन टीम खिताब जीतने में नाकाम रही। पिछले सीजन उनकी कप्तानी में कोलकाता की टीम न केवल प्लेऑफ में पहुंची थी, बल्कि IPL का खिताब भी अपने नाम किया था। हालांकि, चैंपियन बनाने के बावजूद KKR ने अय्यर को रिटेन नहीं किया और फिर पंजाब किंग्स ने मेगा ऑक्शन में अय्यर को अपनी टीम में शामिल कर लिया। अब अय्यर के पास पंजाब को चैंपियन बनाने का शानदार मौका है। अगर ऐसा करने में वह सफल होते हैं, तो IPL में 2 टीमों को चैंपियन बनाने वाले पहले कप्तान बन सकते हैं। IPL के इतिहास में आज तक ऐसा देखने को नहीं मिला है। 

पंजाब की नजर टॉप-2 पर 

IPL 2025 में अब पंजाब किंग्स के लीग स्टेज में 2 मुकाबले बचे हैं। टीम 24 मई को दिल्ली कैपिटल्स और फिर 26 मई को मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी। इन दोनों मैचों में पंजाब की नजर जीत दर्ज करते हुए पाइंट्स टेबल में टॉप-2 में फिनिश करने की होगी। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल