Priyansh Arya Century: इस वक्त भारत में दिल्ली प्रीमियर लीग के मैच खेले जा रहे हैं। इसमें खिलाड़ी कमाल का खेल दिखा रहे हैं। आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले प्रियांश आर्या ने शुक्रवार को विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने केवल 52 बॉल पर ही अपना शतक पूरा किया। इसमें उन्होंने चौके और छक्कों एक तरह से झड़ी ही लगा दी।
केवल 52 बॉल पर श्रेयस ने ठोक दी सेंचुरी
आईपीएल में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले प्रियांश आर्या डीपीएल में आउट दिल्ली वॉरियर्स के लिए खेल रहे हैं। वे अपनी टीम के लिए ओपनिंग करने के लिए उतरे और मैदान पर पहुंचते ही चौके और छक्कों की लाइन सी लगा दी। उन्होंने पहले अपना अर्धशतक पूरा किया और उसके बाद केवल 52 बॉल खेलकर शानदार सैकड़ा पूरा किया। इसके बाद 56 बॉल पर 111 रन बनाकर वे आउट हो गए। अपनी इस आक्रामक पारी के दौरान उन्होंने सात चौके और 9 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 198.21 का रहा। इससे समझा जा सकता है कि उनकी बल्लेबाजी कितनी तेज रही होगी।
दूसरा कोई बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं लगा पाया
कमाल की बात ये है कि जहां एक ओर प्रियांश आर्या ने शानदार सैकड़ा जड़ा, वहीं टीम का दूसरा कोई बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं पहुंच पाया। टीम के लिए दूसरा सबसे बड़ा स्कोर करन गर्ग ने किया, जिन्होंने 24 बॉल पर कमाल के 43 रन बनाए। उन्होंने दो छक्के और पांच चौके लगाने का काम किया। इन्हीं दो बल्लेबाजें की बदौलत टीम ने 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 231 रन बना दिए।
आईपीएल में भी की थी कमाल की बल्लेबाज, एक शतक उनके नाम
आईपीएल में इसी साल प्रियांश आर्या ने कमाल की बल्लेबाजी की थी। उन्होंने 17 मैच खेलकर 475 रन बनाए थे। प्रियांश ने एक शतक और दो अर्धशतक अपने नाम किए थे। उनका औसत 27.94 का रहा था। बात अगर डीपीएल की करें तो आउटर दिल्ली वॉरियर्स की टीम ने तीन मैच खेलकर अब तक केवल एक ही जीता है। टीम अभी दो अंक लेकर चौथे स्थान पर है। देखना होगा कि टीम और खुद प्रियांश आर्या कैसा प्रदर्शन करते हैं।