पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपनी फ्रेंचाइजी आधारित टी20 लीग पाकिस्तान सुपर लीग के आगामी सीजन का आगाज 26 मार्च से करेगा जिसको शुरू होने में अब अधिक दिनों का समय नहीं बचा है। इस बार पीएसएल के सीजन में 6 की जगह कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगे जिसके चलते फाइनल सहित 44 मुकाबले खेले जाएंगे। पाकिस्तान में मौजूदा समय में सुरक्षा को लेकर जिस तरह के हालात दिख रहे हैं उसके चलते विदेशी प्लेयर्स की सुरक्षा को लेकर भी खतरा मंडरा रहा है। ऐसे इसको लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने खिलाड़ी जो पीएसएल 2026 में हिस्सा लेंगे उनको पाकिस्तान जाने से आगाह किया है। ऐसे में अब विदेशी प्लेयर्स के बीच भगदड़ की स्थिति देखने को मिल रही है जिसमें कई खिलाड़ी अपना नाम वापस लेते हुए दिख रहे हैं।
ब्लेसिंग मुजरबानी ने पीएसएल छोड़ चुना आईपीएल
जिम्बाब्वे टीम के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को पाकिस्तान सुपर लीग के आगामी सीजन में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने अपना हिस्सा बनाया था, जिसमें उन्होंने वहां के हालात को देखते हुए पीएसएल में नहीं खेलने का फैसला लेते हुए आईपीएल को चुना। ब्लेसिंग मुजरबानी अब आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से खेलते हुए दिखाई देंगे। इसके अलावा ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी स्पेंसर जॉनसन जिनको क्वेटा ग्लेडिएटर्स की तरफ से पीएसएल के 11वें सीजन में खेलना था उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपना नाम पहले ही वापस ले लिया है।
वेस्टइंडीज टीम के बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज गुडाकेश मोती जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खत्म होने के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव के चलते भारत से पिछले हफ्ते रवाना हुए उन्होंने भी पीएसएल से अपना नाम वापस ले लिया, जिसमें ऐसी भी रिपोर्ट सामने आ रही हैं कि वह आईपीएल के आगामी सीजन में खेल सकते हैं। इसके अलावा इंग्लैंड के तेज गेंदबाज टाइमल मिल्स और नामीबिया टीम के खिलाड़ी डेविड वीजे का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है जिन्होंने काफी पहले ही पाकिस्तान सुपर लीग से अपना नाम वापस ले लिया था। इंग्लैंड टीम के लिमिटेड ओवर्स कप्तान हैरी ब्रूक से भी लाहौर कलंदर्स की टीम ने पीएसएल 2026 में खेलने के लिए संपर्क किया था, लेकिन उन्होंने भी खेलने से मना कर दिया।
अफगानिस्तान का भी कोई खिलाड़ी नहीं लेगा पीएसएल में हिस्सा
पीएसएल में अफगानिस्तान के खिलाड़ी इस बार खेलते हुए देखने को नहीं मिलेंगे जिसके पीछे पाकिस्तान खुद इसका सबसे बड़ा जिम्मेदार है। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के अनुभवी खिलाड़ी मोहम्मद नबी के अलावा मुजीब उर रहमान, सादिकुल्लाह अटल, फजहलक फारुकी ने पहले पीएसएल 2026 के प्लेयर ऑक्शन के लिए अपना नाम दिया था लेकिन बाद में उन्होंने इसे वापस लेने का फैसला लिया था। इसके अलावा रहमनुल्लाह गुरबाज जिनको पेशावर जाल्मी टीम ने ऑक्शन से पहले सीधे साइन किया था उन्होंने भी पीएसएल में खेलने से मना कर दिया है।
ये भी पढ़ें
ICC ODI Rankings: पाकिस्तानी बल्लेबाज ने लगा दी लंबी छलांग, आईसीसी की वनडे रैंकिंग में उठापटक
BCCI को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में 2 करोड़ रुपये के लिए करना पड़ सकता है बदलाव, जसप्रीत बुमराह हैं कारण