पाकिस्तान सुपर लीग के 11वें सीजन का आगाज पिछले महीने के आखिर में 26 मार्च को हो गया था, लेकिन इसके शुरू होने से पहले पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी ने एक ऐसा ऐलान किया जिससे पीएसएल के भविष्य को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए। पहले जहां पाकिस्तानी सुपर लीग के 11वें सीजन को अलग-अलग स्टेडियम में कराया जाना था, उसे सिर्फ 2 स्टेडियम में जहां कराने का फैसला लिया गया तो वहीं इसके अलावा फैंस की स्टेडियम में एंट्री को भी बैन कर दिया गया। इसके पीछे पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने पाकिस्तान में ईंधन की कमी को बड़ा कारण बताया था, जिसके चलते पाकिस्तान में मौजूदा हालात काफी खराब हैं। अब उनके इस बयान को लेकर इस्लामाबाद यूनाइटेड फ्रेंचाइजी के मालिक अली नकवी का जो बयान सामने आया है उससे मोहसिन नकवी के बयान पर कई सवाल उठने शुरू हो गए हैं।
पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने क्या बोला झूठ?
पाकिस्तान सुपर लीग के 11वें सीजन को खाली स्टेडियम में कराने के फैसले को लेकर इस्लामाबाद यूनाइटेड के मालिक अली नकवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि इस लीग के मैच को रावलपिंडी में नहीं कराने का फैसला रणनीतिक था, क्योंकि इस दौरान इस्लामाबाद में युद्धविराम को लेकर जरूरी बातचीत चल रही थी। ऐसे समय में सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स को देखते हुए ये फैसला लेना जरूरी था। अली नकवी ने आगे पोस्ट में लिखा कि अगर हमें मनोरंजन और वैश्विक शांति में से किसी एक चीज को चुनना पड़े तो हम ग्लोबल पीस को ही चुनते। अब अली नकवी के इस बयान के सामने आने के बाद से पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी के बयान पर सवाल उठना शुरू हो गए हैं।
मोहसिन नकवी ने फैंस की एंट्री बैन को लेकर दिया था ये कारण
पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने पीएसएल 2026 सीजन का आगाज होने से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्टेडियम में फैंस की एंट्री को बैन किए जाने के पीछे की वजह को लेकर कहा था कि देश में ईंधन के संकट को देखते हुए पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ ने लोगों से आवाजाही को कम करने की अपील की है। इसी को ध्यान में रखते हुए हमने इस सीजन में स्टेडियम में अभी फिलहाल दर्शकों के प्रवेश को बैन कर दिया है, ऐसे में हालात जब सामान्य होंगे तो हम स्थिति को देखते हुए फैंस को स्टेडियम में आने की मंजूरी दे देंगे।
ये भी पढ़ें
IPL 2026 के बीच BCCI ने लागू किए सख्त नियम, अब खिलाड़ियों की मैदान पर एंट्री होगी सीमित
जोस बटलर का बड़ा कारनामा, इस मामले में बने पहले इंग्लिश और वर्ल्ड क्रिकेट में सिर्फ 5वें खिलाड़ी