1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पंजाब को फाइनल में पहुंचाकर श्रेयस अय्यर ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने पहले कैप्टन

पंजाब को फाइनल में पहुंचाकर श्रेयस अय्यर ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने पहले कैप्टन

 Published : Jun 02, 2025 01:37 am IST,  Updated : Jun 02, 2025 01:42 am IST

Punjab Kings: पंजाब किंग्स की टीम ने धमाकेदार अंदाज में फाइनल में एंट्री कर ली है। पंजाब के लिए मैच में बल्लेबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया।

श्रेयस अय्यर- India TV Hindi
श्रेयस अय्यर Image Source : PTI

आईपीएल 2025 के क्वालीफायर-2 में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से हरा दिया और फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जहां उसका सामना आरसीबी की टीम से होगा। मैच में मुंबई ने पहले बैटिंग करते हुए 203 रन बनाए, जिसके बाद पंजाब ने श्रेयस अय्यर के अर्धशतक की बदौलत टारगेट आसानी से हासिल कर लिया। उनके अलावा मैच में नेहाल वढेरा ने भी मैच में दमदार बल्लेबाजी की।

अब तक तीन टीमों को आईपीएल में ले जा चुके श्रेयस अय्यर

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स की टीम ने दमदार प्रदर्शन किया और प्वाइंट्स टेबल में पहले नंबर पर रहते हुए प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया था। अब उनकी कप्तानी में ही टीम फाइनल में पहुंच गई है। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2020 और कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2024 में अय्यर की कप्तानी में ही फाइनल में एंट्री मारी थी। अय्यर आईपीएल में पहले ऐसे कप्तान बने हैं, जिन्होंने तीन-तीन अलग टीमों को फाइनल में पहुंचाया है। उनसे पहले ऐसा कोई भी नहीं कर पाया था।

श्रेयस अय्यर ने लगाया दमदार अर्धशतक

पंजाब किंग्स की टीम के लिए प्रभसिमरन सिंह (6 रन) भले ही बड़ी पारी नहीं खेल पाए, लेकिन उनके अलावा जोस इंग्लिश, श्रेयस अय्यर और नेहाल वढेरा ने अच्छी बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। इंग्लिश ने घातक गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के एक ओवर में 20 रन बनाए। उन्होंने मैच में कुल 38 रनों का योगदान दिया। वढेरा ने 29 गेंदों में 48 रनों की पारी खेली। वह पंजाब की टीम को टारगेट के करीब ले गए। श्रेयस अय्यर क्रीज के एक छोर पर डटे रहे। उन्होंने 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अय्यर ने 41 गेंदों में 87 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और 8 छक्के शामिल रहे। मुंबई के गेंदबाज बुरी तरह से फ्लॉप रहे और अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। टीम के लिए अश्विनी कुमार ने सबसे ज्यादा दो विकेट झटके।

मुंबई ने सूर्या की वजह से बनाया 200 प्लस का स्कोर

मुंबई इंडियंस की टीम के लिए शुरुआत अच्छी नहीं रही, जब रोहित शर्मा सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद जॉनी बेयरस्टो (38 रन) और तिलक वर्मा ने कुछ देर विकेट पर टिकने की कोशिश की और 51 रनों की साझेदारी कर डाली। बेयरस्टो के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव ने रन बनाने की जिम्मेदारी संभाल ली। उन्होंने 26 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे। तिलक वर्मा ने 44 रन बनाए। अंत में नमन धीर ने 37 रन बनाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही मुंबई की टीम 200 रनों का स्कोर पार करने में सफल रही।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल