1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अक्षर पटेल को ड्रॉप करने पर भड़के अश्विन, बताया T20 का असली मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर

अक्षर पटेल को ड्रॉप करने पर भड़के अश्विन, बताया T20 का असली मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Feb 23, 2026 11:40 am IST,  Updated : Feb 23, 2026 12:25 pm IST

T20 वर्ल्ड कप 2026 में अब सुपर-8 के मुकाबले खेले जा रहे हैं। इस बीच टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ बड़ी हार का सामना करना पड़ा है।

Axar Patel- India TV Hindi
अक्षर पटेल Image Source : AFP

साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन की करारी हार के बाद टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन पर सवालों की बौछार हो रही है। सबसे ज्यादा चर्चा उपकप्तान अक्षर पटेल को बाहर बैठाने को लेकर है। अब इस फैसले पर भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने खुलकर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि वह समझ नहीं पा रहे कि इतने अहम मुकाबले में अक्षर को क्यों बाहर रखा गया। सुपर-8 मुकाबले में टीम मैनेजमेंट ने बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ बेहतर रणनीति के तहत वॉशिंगटन सुंदर को प्लेइंग इलेवन में बरकरार रखा। हालांकि, सुंदर गेंद और बल्ले दोनों से प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। उन्होंने दो ओवर में 17 रन दिए और बल्लेबाजी में नंबर-5 पर आकर सिर्फ 11 रन बनाए।

IPL की सोच ICC में नहीं चलेगी

अपने यूट्यूब चैनल Ash Ki Baat पर अश्विन ने कहा कि विपक्षी टीमों के बल्लेबाजों के हिसाब से रणनीति बनाना IPL में तो ठीक है, जहां 14 मैच खेलने होते हैं, लेकिन ICC टूर्नामेंट में टीम को ज्यादा स्थिर रखना चाहिए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अक्षर पटेल आपके T20 क्रिकेट के MVP यानी मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर हैं। उन्होंने टीम के लिए जो किया है, उसे नहीं भूलना चाहिए।

2024 फाइनल की याद दिलाई

अश्विन ने 2024 T20 वर्ल्ड कप फाइनल का उदाहरण देते हुए कहा कि उसी तरह की परिस्थिति में अक्षर ने अहम पारी खेली थी और विराट कोहली के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारत को 170 के पार पहुंचाया था। बेशक, कोहली का अनुभव था, लेकिन अक्षर भी कम नहीं हैं। अगर इंडिया के पास कुछ विकेट होते और बीच के ओवरों में स्थिरता होती, तो वे लक्ष्य का पीछा कर लेते।

लगातार दूसरे मैच में बैठना पड़ा बाहर

गौरतलब है कि अक्षर को पहले नीदरलैंड के खिलाफ आराम दिया गया था और फिर अहम सुपर-8 मुकाबले में भी नहीं खिलाया गया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिली हार के बाद चयन पर बहस और तेज हो गई है। अब भारत की सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो चुकी है। टीम का अगला मुकाबला जिम्बाब्वे से चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में 26 फरवरी को होगा। ऐसे में देखना होगा कि क्या टीम मैनेजमेंट अपने फैसले पर कायम रहता है या अक्षर पटेल की वापसी होती है।

यह भी पढ़ें:

साउथ अफ्रीका से हारने के बाद क्या होगा टीम में बदलाव? कोच ने संजू सैमसन को लेकर दिया बड़ा हिंट

डेविड मिलर ने रचा इतिहास, भारत के खिलाफ किया बड़ा कारनामा, मैक्सवेल का कीर्तिमान हो गया ध्वस्त

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल